शहर

Prayagraj: जमीन से मिले तीन ड्रमों में निकले 3.20 करोड़ रुपये, गिनती पूरी, खुदाई में कई बड़े बक्से भी बरामद

प्रयागराज में जमीन के नीचे दबे तीन ड्रमों से बरामद नकदी की गिनती पूरी हो गई है। इनकम टैक्स विभाग को कुल 3 करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये मिले हैं।

Image

प्रयागराज में कैश बरामदगी: घर के चार कमरों के फर्श की हुई खुदाई

Photo : Times Now Digital

Prayagraj News: प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में जमीन के नीचे दबाकर रखी गई करोड़ों रुपये की नकदी के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। तीन नीले ड्रमों से बरामद नोटों की गिनती का काम पूरा कर लिया गया है। इनकम टैक्स विभाग के मुताबिक, इन ड्रमों से कुल 3 करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये मिले हैं। वहीं, घर के अंदर और आसपास अब भी खुदाई और तलाशी का काम लगातार जारी है।

बता दें कि 28 अक्टूबर को यादव परिवार के घर में जमीन के नीचे दबे तीन ड्रमों से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी।शुरुआती अनुमान में रकम 8 से 10 करोड़ रुपये बताई गई थी। इसके बाद इनकम टैक्स विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बरामद नोटों की गिनती और जांच शुरू की। अब गिनती पूरी होने पर तीनों ड्रमों से मिली वास्तविक रकम सामने आई है।

खुदाई में मिले ताले लगे कई बड़े बक्से

इस मामले में एक और अहम जानकारी सामने आई है। घर के अंदर खुदाई के दौरान कई बड़े-बड़े बक्से भी बरामद हुए हैं, जिन पर ताले लगे हुए हैं। खुदाई में जुटे मजदूरों के अनुसार, अब तक घर के चार कमरों के फर्श की खुदाई की जा चुकी है। करीब तीन फीट तक जमीन खोदकर तलाशी की गई है। इन बक्सों को इनकम टैक्स और प्रशासन की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, बक्सों के अंदर क्या मिला है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

घर के कमरों और आंगन में भी तलाशी

इनकम टैक्स विभाग की टीम को आशंका है कि घर में और भी नकदी या अन्य कीमती सामान जमीन के नीचे छिपाया गया हो सकता है। इसी वजह से कमरों और आंगन में मजदूरों से खुदाई का काम कराया जा रहा है। घर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं। मौके पर डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया था। इसके अलावा घर से कुछ अहम दस्तावेज मिलने की बात भी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।

परिवार के सदस्यों से पूछताछ जारी

जांच के तहत घर में रहने वाले राजेश और राकेश यादव से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर घर के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और लोगों की आवाजाही सीमित रखी गई है। अब जांच एजेंसियां बरामद नकदी और बक्सों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article