Panchkula News: पंचकुला केसेक्टर-20 के सरकारी स्कूल में केजी में पढ़ने वाली 5 साल की मासूम के साथ मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्कूल मैनेजमेंट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पंचकूला की पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में स्कूल प्रशासन की घोर लापरवाही सामने आई है। इसी लापरवाही को आधार बनाते हुए एफआईआर दर्ज की गई है।
केजी की बच्ची के साथ तीसरी के छात्र ने की मारपीट
दरअसल, आरोप है कि स्कूल परिसर में ही केजी क्लास की बच्ची के साथ तीसरी कक्षा के एक छात्र ने मारपीट की थी। घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे। परिजनों का कहना था कि इतने छोटे बच्चों की देखरेख के लिए स्कूल में कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था और घटना के समय क्लास में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में यह बात सामने आई कि स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर तय गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा था। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब मासूम के साथ मारपीट हो रही थी, तब ड्यूटी पर तैनात शिक्षक और आया कहां थे? समय रहते हस्तक्षेप क्यों नहीं किया गया?
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- आगरा: महिला कांस्टेबल ने पुलिस लाइन में की आत्महत्या
DCP अदिति सिंह ने क्या कहा
पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या स्कूल में सीसीटीवी कैमरे चालू थे, क्या ग्राउंड में कोई स्टाफ मौजूद था और घटना के बाद प्रबंधन ने इसे छिपाने की कोशिश तो नहीं की। डीसीपी अदिति सिंह का कहना है कि यह मामला बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर स्कूल के प्रिंसिपल और जिम्मेदार स्टाफ के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है और सरकारी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सिरे से समीक्षा की बात कही जा रही है।
