Purnia News: बिहार के पूर्णिया जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अर्द्धनिर्मित हथियार, 80 जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें व उपकरण बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर विशेष टीम ने की छापेमारी
पुलिस ने यह कार्रवाई रुपौली थाना क्षेत्र के मैना भगवानपुर वार्ड संख्या-6 में की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्कल मंडल उर्फ अखिलेश मंडल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अवैध हथियार निर्माण की गुप्त सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। धमदाहा के एसडीपीओ अजीत प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने अक्कल मंडल के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस को घर में हथियार बनाने का सामान और तैयार व अधबने हथियार मिले।
सात कट्टे और एक रिवॉल्वर बरामद
पुलिस ने मौके से एक 12 बोर की देशी मस्कट, सात देशी कट्टे और एक सिक्सर/रिवॉल्वर बरामद किया। इसके अलावा 12 अर्द्धनिर्मित बैरल, पांच कट्टों के अर्द्धनिर्मित पिछले हिस्से और चार आगे के हिस्से भी जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान कुल 80 जिंदा कारतूस मिले। इनमें 12 बोर के 28 और 7.62 एमएम के 52 कारतूस शामिल हैं। पुलिस को मौके से खाली खोखे और कारतूस के अन्य हिस्से भी मिले हैं।
हथियार बनाने की मशीनें और नकदी भी जब्त
पुलिस ने हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक लेथ मशीन, ड्रिल मशीन और वेल्डिंग मशीन समेत कई उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
