मुंबई/नई दिल्ली/गोंडा/जयपुर/भोपाल : टाइम्स नाउ नवभारत के नए शो 'Dhurandhar' में दिखाए गए 'Operation Regime Change' को लेकर कई बड़े-बड़े नेताओं के बयान सामने आए हैं। इस स्टिंग ऑपरेशन के सामने आने के बाद भाजपा, जेडीयू और विपक्षी नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। भाजपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ साजिश बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे देश में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश करार दिया। वहीं, राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि स्टिंग में दिखाई देने वाले चार लोगों से सवाल पूछे जाने चाहिए। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन की बात करती है।
विपक्ष आराजकता फैलाने की सोच रखता है : गौरव भाटिया
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने टाइम्स नाउ नवभारत के स्टिंग ऑपरेशन का हवाला देते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने और अराजकता फैलाने की सोच रखता है। भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जबकि विपक्ष सत्ता परिवर्तन के लिए तख्तापलट जैसी बातें कर रहा है। उन्होंने राहुल गांधी को विपक्ष का नेता कहने पर भी आपत्ति जताई और उन पर लोकतंत्र का गला घोंटने की मंशा रखने का आरोप लगाया।
ये स्टिंग ऑपरेशन इतिहास में दर्ज होगा - संजय उपाध्याय
ऑपरेशन को लेकर मुंबई में बोरीवली से भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने टाइम्स नाउ नवभारत के मैनेजिंग एडिटर अमीश देवगन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चैनल का यह स्टिंग ऑपरेशन और खुलासा इतिहास में दर्ज किया जाएगा। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा में लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सिराज खान सहित स्टिंग में सामने आए सभी किरदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनाव - ब्रजभूषण
पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि संविधान में हर पांच साल बाद जनता के पास जाने की व्यवस्था है। अगर सत्ता परिवर्तन करना है तो चुनाव के जरिए किया जाना चाहिए, न कि धरने, प्रदर्शन और अराजकता के माध्यम से। उन्होंने कहा कि 2027 और 2029 के चुनाव में जनता को सरकार बदलने का अवसर मिलेगा। भारत की लोकतांत्रिक जड़ें मजबूत हैं और देश बांग्लादेश या पाकिस्तान नहीं बन सकता।
पश्चिम बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने ऑपरेशन रिजीम चेंज पर बात करते हुए कहा, टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग देश में अराजकता फैलाएने की सोच रहे हैं, सरकार उनके सपने सच नहीं होने देगी। बंगाल में हिंसा का माहौल SIR की वजह से खत्म हुआ, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन नहीं होने चाहिए। वह हीरो है, उन्हें पद्म भूषण से नवाजा जाना चाहिए।
देश के लोकतंत्र के साथ धोखा - हरजीत ग्रेवाल
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने भी ऑपरेशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मामले का खुलासा होना जरूरी था और इसमें अभी कई बड़े लोगों के शामिल होने की आशंका है। ग्रेवाल ने कहा कि नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की बातें गलत हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ियों को ठीक करना संवैधानिक प्रक्रिया है। इस प्रक्रिया से लोगों का भरोसा उठाने की कोशिश को उन्होंने साजिश बताया।
JDU ने भी उठाए सवाल
जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा कि देश में तख्तापलट की बात करने वालों को जनता स्वीकार नहीं करेगी। सरकार को ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आरोप लगाया कि विपक्ष नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात पैदा करना चाहता है। उन्होंने विदेशी फंडिंग और बाहरी हस्तक्षेप की आशंका भी जताई। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तरक्की कुछ लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रही है।
प्रमोद तिवारी ने दी अलग प्रतिक्रिया
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि स्टिंग में दिखाई देने वाले चार लोगों से सवाल पूछे जाने चाहिए। उन्होंने भाजपा को डरी हुई पार्टी बताते हुए कहा कि कांग्रेस जोरदार तरीके से कहती है कि देश में सत्ता परिवर्तन होगा, लेकिन लोकतांत्रिक तरीके से होगा।
वहीं, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने भी ऑपरेशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने वाली ताकतों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। इस पूरे घटनाक्रम ने सत्ता परिवर्तन, लोकतांत्रिक विरोध और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है।
