शहर

महाराष्ट्र में फिल्मी स्टाइल में करोड़ों की लूट, कूरियर कंपनी की कार रोककर कर्मचारियों से मारपीट और अपहरण

महाराष्ट्र के धुले जिले में बदमाशों ने कुरियर कंपनी की कार रोककर 3.06 करोड़ रुपये लूट लिए। लुटेरों ने दो कर्मचारियों से मारपीट कर उनका अपहरण किया और नकदी के साथ मोबाइल फोन भी ले गए।

Image

कुरियर कंपनी के कर्मचारियों से 3 करोड़ 6 लाख रुपये की लूट

Photo : Times Now Digital

Dhule Robbery: महाराष्ट्र के धुले जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और फिल्मी अंदाज में हुई लूट की वारदात सामने आई है। शिरपूर तालुका के पलासनेर गांव के पास मुंबई-आगरा हाईवे पर हथियारबंद बदमाशों ने सूरत की एक कूरियर कंपनी की कार को रोककर 3 करोड़ 6 लाख रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, लुटेरों ने कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उनका अपहरण भी किया। जिसके बाद उनका मोबाइल और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

दो गाड़ियों से पहुंचे थे 5-6 लुटेरे

जानकारी के अनुसार, सूरत की 'पी. उमेशचंद्र एंड संस एलएलपी' नामक कूरियर कंपनी के कर्मचारी सुनील शिवराम पटेल और शैलेश पटेल कंपनी की बड़ी रकम लेकर जा रहे थे। मध्यरात्रि के वक्त जब उनकी गाड़ी शिरपूर तालुका के पलासनेर गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से कार में सवार होकर आए बदमाशों ने ओवरटेक कर उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद इनोवा और अर्टिगा कार से आए पांच से छह लुटेरे बाहर निकले। सभी ने अपने चेहरे रुमाल से ढक हुए थे। बदमाशों ने लोहे के पाइप से कर्मचारियों की कार का शीशा तोड़ दिया और दोनों को जबरन बाहर निकाल लिया।

कर्मचारियों का अपहरण और लूट

आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें इनोवा कार में बंद कर सुनसान जगह पर ले गए। वहां उनके पास मौजूद 3 करोड़ 6 लाख रुपये नकद से भरा बैग और उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए और मौके से फरार हो गए।इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नासिक परिक्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक (IG) संजय येनपुरे ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। शिरपूर तालुका पुलिस स्टेशन में इस मामले की FIR दर्ज कर ली गई है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article