शहर

अमरेली में 60 हजार रुपये के लिए डबल मर्डर, गाड़ी में सो रहे दो मजदूरों को जिंदा जलाया

गुजरात के अमरेली में सोमवार रात 60 हजार रुपये के विवाद में दो मजदूरों को गाड़ी समेत जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच कर रही है।

Image

अमरेली में दो मजदूरों को गाड़ी समेत जिंदा जलाया

Photo : Times Now Digital

Amreli Double Murder Case: गुजरात के अमरेली जिले में दो युवकों की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महज 60,000 रुपये के लेन-देन के विवाद के चलते दो मजदूरों को गाड़ी समेत जिंदा जला दिया गया। इस खौफनाक वारदात में मध्य प्रदेश के रहने वाले दो युवकों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार रात करीब 11 बजे के बाद लीलिया तालुका के गुंदरन गांव की सीमा में हरीपर रोड स्थित एक वाड़ी में हुई। जहां तूफान गाड़ी में 16 वर्षीय रवि बघेल और 21 वर्षीय नितिन पचाया सो रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग बुझाने के लिए पानी की बौछार की गई, लेकिन तब तक दोनों युवक बुरी तरह झुलस चुके थे और उनकी मौत हो गई थी। आरोपियों की पहचान विनोद और उसके साथी राजू के तौर पर हुई है।

60 हजार के लेन-देन से शुरू हुआ विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात की वजह 60 हजार रुपये का विवाद सामने आया है। शिकायतकर्ता कमलेश बदेल को विपेनसिंह नाम के व्यक्ति से 60 हजार रुपये लेने थे। बताया गया है कि विपेनसिंह ने अपनी तूफान गाड़ी विनोद को बेच दी थी। इसके बाद उसने कमलेश से कहा था कि वह अपने पैसे विनोद से ले लें। आरोप है कि कमलेश ने विनोद की गैरमौजूदगी में उसकी तूफान गाड़ी ले ली थी। जब विनोद को इस बात की जानकारी मिली तो वह नाराज हो गया। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में उसने अपने साथी राजू के साथ मिलकर गाड़ी में आग लगा दी।

पूछताछ में विनोद ने कबूली वारदात में शामिल होने की बात

लीलिया डिविजन के पुलिस इंस्पेक्टर प्रशांत रमाणी ने बताया कि दोनों मृतक खेत मजदूरी करते थे। पैसों के लेन-देन में देरी के कारण शिकायतकर्ता आरोपियों की जानकारी के बिना उनका वाहन ले आया था। इससे नाराज होकर आरोपियों ने बदला लेने के लिए गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान विनोद ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल की है। उसने बताया कि वह और उसका साथी राजू इस घटना में शामिल थे और उन्होंने गाड़ी में सो रहे दोनों युवकों पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी। फिलहाल पुलिस ने विनोद और राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article