उत्तर प्रदेश के इटावा में पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी से अनबन और घरेलू कलह से परेशान एक युवक रेलवे ओवरब्रिज के एक हिस्से पर चढ़ गया। वह वहां से नीचे लटकने लगा। युवक की इस हरकत को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस पूरे हाई वोल्टेज ड्रामा का वीडियो (Video) भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि युवक रेलवे ब्रिज पर चढ़कर बैठा हुआ है।
पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
यह पूरा मामला इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। युवक की पहचान अब्दुल आसिम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ चल रहे विवाद को लेकर वह काफी परेशान था। इसी परेशानी के चलते उसने रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी कई लड़कों और लड़कियों के संपर्क में रहती है और उसकी बात नहीं मानती। उसने पत्नी पर अवैध संबंधों को लेकर भी शक जताया है। युवक का कहना है कि पत्नी के रवैये और पारिवारिक कलह से वह तंग आ चुका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पुणे की पिंक मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे PM Modi
ओवरब्रिज पर युवक को देखकर मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद से परेशान होकर अब्दुल आसिम रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज (Railway Overbridge) के निचले हिस्से पर चढ़ गया। इसके बाद वह वहां लटकने लगा। अचानक हुई इस घटना को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीर घबरा गए। लोगों को डर था कि कहीं युवक के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
पुलिस ने सूझबूझ से बचाई युवक की जान
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। स्थिति काफी संवेदनशील थी, इसलिए पुलिस ने सावधानी से काम लिया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना के दौरान किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके बयानों के आधार पर पारिवारिक विवाद की वजह समझने की कोशिश की जा रही है।
