गुजरात से ड्रग्स के कारोबार को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया और लंबे समय से वांटेड आरोपी सलीम इस्माइल डोला को गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने अपनी हिरासत में लिया है। आरोपी गुजरात ATS के एक पुराने मामले में वांटेड था। इस मामले में वडोदरा के पास एक अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का खुलासा हुआ था, जहां से भारी मात्रा में MD ड्रग्स बरामद की गई थी। सलीम इस्माइल डोला की हिरासत को लेकर गुजरात ATS आज दोपहर 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है। इस दौरान जांच और कार्रवाई से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
2022 के केस में वांटेड था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, सलीम इस्माइल डोला (Salim Ismail Dola) गुजरात ATS के केस नंबर III-08/2022 में वांटेड था। इस मामले की जांच के दौरान ATS ने वडोदरा के सिंधरोत इलाके में MD ड्रग्स बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई में फैक्ट्री से कुल 87.728 किलोग्राम MD ड्रग्स जब्त की गई थी। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद जांच एजेंसियों ने ड्रग्स के नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की तलाश शुरू की थी। इसी मामले में सलीम इस्माइल डोला का नाम सामने आया और वह जांच एजेंसी के लिए वांटेड आरोपी बन गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पुणे की पिंक मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे PM Modi
आरोपी के खिलाफ जारी हुआ था रेड कॉर्नर नोटिस
सलीम इस्माइल डोला की तलाश के लिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) भी जारी कराया गया था। रेड कॉर्नर नोटिस का इस्तेमाल उन आरोपियों की तलाश में किया जाता है, जिनके किसी दूसरे देश में होने की आशंका हो और जिनकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मदद की जरूरत पड़ सकती है। इस नोटिस के जरिए संबंधित देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को आरोपी की पहचान और तलाश में सहयोग करने की सूचना दी जाती है।
ATS की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी नजरें
सलीम इस्माइल डोला को हिरासत में लिए जाने के बाद अब गुजरात ATS की प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार किया जा रहा है। दोपहर 1 बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में एजेंसी उसकी हिरासत, गिरफ्तारी से जुड़ी परिस्थितियों और पुराने ड्रग्स केस में उसकी भूमिका को लेकर जानकारी दे सकती है।
