यूटिलिटी

Diwali के बाद कहीं खाली न हो जाए जेब? नवंबर में इन 5 तरीकों से संभालें अपना बजट

दिवाली एक बड़ा त्योहार है। इस मौके पर पैसा भी खूब खर्च होता है। हालांकि, दिवाली के बाद कहीं जेब ही खाली न हो जाए इसके लिए नवबंर महीने का बजट पहले से बना कर चलना ज्यादा बेहतर होगा।

Image

दिवाली के बाद कहीं खाली न हो जाए आपकी जेब (AI Generated Image)

दिवाली के दौरान घर की सजावट, कपड़े, गिफ्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरी जरूरतों पर खूब पैसा खर्च होता है। फेस्टिव सीजन में मिलने वाले डिस्काउंट और आकर्षक ऑफर्स के चक्कर में कई बार लोग अपने तय बजट से ज्यादा खरीदारी कर लेते हैं। दिवाली की तैयारियां और खरीदारी अभी जारी है, ऐसे में जरूरी है कि आप अपने नवंबर महीने के बजट का भी ध्यान रखें। ऐसा न हो कि त्योहार की खुशियों के बीच महीने के बाकी दिनों में जरूरी खर्चों के लिए भी पैसे कम पड़ जाएं। आइए जानते हैं 5 मनी मैनेजमेंट टिप्स, जिनकी मदद से आप दिवाली की खरीदारी के साथ नवंबर का बजट भी संभाल सकते हैं-

दिवाली की खरीदारी के लिए तय करें लिमिट

दिवाली पर अभी जो भी खरीदारी बाकी है, उसके लिए पहले से एक बजट तय कर लें। घर की सजावट, कपड़े, मिठाई और गिफ्ट जैसी चीजों पर कितना पैसा खर्च करना है, इसकी अलग-अलग लिमिट बनाएं। अगर किसी चीज पर ज्यादा खर्च हो रहा है, तो दूसरी गैर-जरूरी खरीदारी में कटौती करें। ध्यान रखें कि केवल ऑफर मिलने की वजह से कोई सामान खरीदना जरूरी नहीं है।

महीने के जरूरी खर्चों के पैसे पहले रखें अलग

दिवाली की खरीदारी में पूरा बैंक बैलेंस खर्च करने से बचें। सबसे पहले नवंबर महीने के किराए, बिजली बिल, राशन, ट्रांसपोर्ट, EMI और दूसरे जरूरी खर्चों के लिए रकम अलग रख दें। इसके बाद जो पैसा बचता है, उसी के हिसाब से त्योहार की खरीदारी करें। इससे महीने के बीच में आर्थिक परेशानी नहीं होगी।

क्रेडिट कार्ड और EMI का सोच-समझकर करें इस्तेमाल

फेस्टिव सीजन में क्रेडिट कार्ड डिस्काउंट और नो-कॉस्ट EMI के ऑफर्स आकर्षक लग सकते हैं। लेकिन इनका इस्तेमाल अपनी भुगतान क्षमता को ध्यान में रखकर ही करें। क्रेडिट कार्ड से उतनी ही खरीदारी करें, जिसका बिल समय पर पूरा चुकाया जा सके। नो-कॉस्ट EMI लेने से पहले प्रोसेसिंग फीस और दूसरी शर्तें भी जांच लें। कई छोटी EMI मिलकर आपके मासिक बजट पर बोझ डाल सकती हैं।

आखिरी समय की खरीदारी में जल्दबाजी न करें

दिवाली नजदीक आने पर कई लोग आखिरी समय में खरीदारी करते हैं। इस दौरान जल्दबाजी में महंगी चीजें खरीदने या जरूरत से ज्यादा सामान लेने की आशंका रहती है। इसलिए खरीदारी की लिस्ट पहले तैयार करें। अलग-अलग दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कीमतों की तुलना करें। केवल उन्हीं चीजों पर पैसा खर्च करें, जिनकी वास्तव में जरूरत है।

नवंबर के बाकी दिनों के लिए बचाएं कुछ पैसा

त्योहार की खरीदारी के बाद भी महीने के कई दिन बाकी रहते हैं। इसलिए नवंबर के बाकी दिनों के लिए कुछ रकम जरूर बचाकर रखें। कोशिश करें कि अपनी सैलरी का एक हिस्सा बचत और इमरजेंसी फंड के लिए अलग रहे। अगर दिवाली के कारण SIP या दूसरी बचत प्रभावित होने वाली है, तो पहले से उसकी योजना बनाएं। छोटी-छोटी बचत भी महीने के अंत में काम आ सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article