Weather Forecas Today : देश के ज्यादातार हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप है। हालांकि, मौसम विभाग ने यूपीवासियों के लिए राहत भरी खबर दी है। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में एक बार फिर मौसम करवट लेगा। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बड़ा असर देखा जाएगा। कहा गया है कि आने वाले 2 से 3 दिन में बारिश दस्तक दे सकती है, जिससे मौसम सुहावना होने की उम्मीद है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ चमक गरज के साथ बारिश पड़ने की आशंका व्यक्त की गई है। यही कारण है कि न्यूनतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ से मैदानी इलाकों में बारिश
मई के महीने की शुरुआत से ही मौसम में नर्मी देखी जा रही है। दिन के तापमान को छोड़ दें तो रात और सुबह न्यूनतम पारा बहुत कम दर्ज किया जा रहा है। पिछले पखवारे से प्रचंड गर्मी झेल रहे बुंदेलखड से लेकर पूर्वांचल तक को अब और गर्मी से राहत मिलने वाली है। पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और पहाड़ों में बर्फबारी से मौसम में बदलाव की पूरी उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 मई यानी शुक्रवार को मौसम के सक्रिय होने की पूरी गुंजाइश है। गोरखपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
यहां भी होगी बारिश
राज्य के सबसे गर्म जिलों में प्रयागराज, वाराणसी और आगरा में अभी लू का कहर देखा जा रहा है। यूपी के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। दिन के समय 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से बह रही हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। गुरुवार को पश्चिम से पूर्वी यूपी तक तेज धूप के साथ गर्मी का प्रकोप रहा। हालांकि, दिन में हवाओं में थोड़ी नर्मी भी रही। यूपी में 4 से 8 मई तक बारिश का अंदेशा है तो वहीं, हरियाणा, दिल्ली में 4 से 5 मई और पंजाब-राजस्थान में 4 मई को बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी।
यहां हीटवेव का अलर्ट
उधर, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक (ग्रामीण) में हीटवेव का अलर्ट है। इसके अलावा अरुणाचल में पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं,अब नार्थ ईस्ट के राज्यों में 5 से 6 मई को भारी बारिश की चेतावनी है। इन राज्यों में धूल भरी आंधी के साथ बिजली कड़कने का अलर्ट जारी किया गया है।
