शहर

'कांग्रेस में गुटबाजी मैनेज करने की क्षमता नहीं', राहुल भैया ने कमलनाथ और दिग्विजय को भी घेरा

MP Congress Conflict: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह उर्फ 'राहुल भैया' ने कहा कि गुटबाजी हर राजनीतिक दल में होती है, लेकिन कांग्रेस में इसे संभालने की क्षमता नहीं है।

Image

कांग्रेस नेता अजय सिंह उर्फ राहुल भैया (फोटो साभार: @ASinghINC)

Photo : Twitter

MP Congress Conflict: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय सिंह उर्फ 'राहुल भैया' ने कहा कि गुटबाजी हर राजनीतिक दल में होती है, लेकिन कांग्रेस में इसे संभालने की क्षमता नहीं है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी निशाना साधा और उन्हें पूर्ववर्ती शिवराज सिंह चौहान से बड़ा घोषणावीर करार दिया।

समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में राहुल भैया ने मध्य प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर विस्तृत बातचीत की। उन्होंने कहा कि ऐसा कौन सा संगठन है, जहां गुटबाजी नहीं होती? यह कांग्रेस में भी है और भाजपा में भी, लेकिन कांग्रेस में इसे संभालने की क्षमता नहीं है।

सात बार विधायक रह चुके अजय सिंह, दिवंगत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह के बेटे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2020 में कांग्रेस सरकार के पतन के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बराबर के जिम्मेदार थे।

उन्होंने पीटीआई/भाषा को दिए इंटरव्यू में कहा कि तत्कालीन कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत के बाद पार्टी की सरकार गिरने के लिए दिग्विजय सिंह द्वारा अकेले कमलनाथ को जिम्मेदार ठहराया जाना अनुचित है, क्योंकि उन दिनों उनके (कमलनाथ) साथ-साथ वह भी सत्ता के प्रमुख केंद्र बिंदु थे।

जब कांग्रेस को मिला था बहुमत

मध्य प्रदेश में 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मामूली अंतर से बहुमत हासिल किया था और 15 साल के लंबे इंतजार के बाद सत्ता में वापसी की थी। तत्कालीन पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन 15 महीने बाद ही सिंधिया ने बगावत का झंडा बुलंद कर, उनका समर्थन कर रहे 22 विधायकों के साथ, भाजपा का दामन थाम लिया।

इस घटनाक्रम के कारण कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ गई और कमलनाथ को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इस बारे में जब 'राहुल भैया' से पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा, "अब बहुत सारी बातें हैं, रहने दीजिए।"

लेकिन जब उनसे और आग्रह किया गया तथा कांग्रेस सरकार गिरने के लिए दिग्विजय सिंह द्वारा कमलनाथ को जिम्मेदार ठहराए जाने के बारे में पूछा गया, तो 'राहुल भैया' ने कहा कि उनके अनुसार दोनों ही नेता इस मामले को सही तरीके से संभालने में विफल रहे थे। उन्होंने कहा कमलनाथ और दिग्विजय सिंह चाहते तो सरकार पर छाए संकट के बादल को दूर कर सकते थे, क्योंकि सवाल एक पद का ही तो था।

मध्य प्रदेश विधानसभा में दो बार नेता प्रतिपक्ष रहे 'राहुल भैया' ने कहा, ''सिंधिया जी क्या चाह रहे थे? यही ना कि एक पद उनको मिल जाए...आप मुख्यमंत्री हो तो प्रदेशाध्यक्ष मैं बन जाऊं, लेकिन उन्होंने (कमलनाथ) कहा कि मैं दोनों पद रखूंगा।'' उन्होंने कहा कि इसके बाद सार्वजनिक तौर पर ''सड़क पर देख लूंगा...'' जैसी जो बातें हुई, वह वरिष्ठ नेताओं के बीच नहीं होनी चाहिए थी, जिससे मामला और बिगड़ गया।

'एक परिपक्व नेता हैं दिग्विजय सिंह'

उन्होंने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह एक परिपक्व नेता हैं और उन्हें परिस्थितियों को संभालना चाहिए था। आज यह कहना कि उनकी वजह से सरकार चली गई या फलां की वजह से चली गई, उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उस समय दोनों ही सत्ता के प्रमुख केंद्र बिंदु थे और जनता भी यह जानती थी तथा पूरा मध्य प्रदेश जानता था कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ही सरकार चला रहे हैं।

'90 फीसदी जिलों का किया दौरा'

राहुल भैया ने बताया कि पिछले एक साल में उन्होंने मध्य प्रदेश के 90 प्रतिशत से अधिक जिलों का दौरा किया है और हर जगह उन्होंने कहा कि 2028 के विधानसभा चुनाव कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने का आखिरी मौका होंगे। उन्होंने कहा, "हम सभी को मिलकर काम करना चाहिए। पहले सरकार बनाएं, उसके बाद बाकी चीजें देखेंगे।"

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के आम कार्यकर्ताओं में कोई गुटबाजी नहीं है, बल्कि कुछ नेताओं के बीच अपने स्वार्थ के लिए गुटबाजी हो सकती है। उन्होंने स्वीकार किया कि राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी की धारणा बनी हुई है। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि क्या वहां भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा के बीच गुटबाजी नहीं थी? इसी वजह से पिछली बार कांग्रेस सरकार नहीं बना सकी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article