शहर

कहीं खाने में कॉकरोच मिले तो कहीं कीड़े और गंदगी... महाराष्ट्र में FDA ने 38 होटल और रेस्टोरेंट के लाइसेंस किए रद्द

Maharashtra FDA Raid: महाराष्ट्र FDA की कार्रवाई में कुल 3 करोड़ 52 लाख 37 हजार 742 रुपये का खाद्य स्टॉक और वाहन जब्त किए गए। जबकि 38 होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित कर दिए गए हैं।

Image

महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई (फोटो साभार- TNN)

Maharashtra FDA Raid: महाराष्ट्र FDA ने राज्यभर में छापेमारी कर खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। महाराष्ट्र में लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA ने 20 और 21 नवंबर को राज्यभर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई में कुल 3 करोड़ 52 लाख 37 हजार 742 रुपये का खाद्य स्टॉक और वाहन जब्त किए गए, जबकि 38 होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट निलंबित कर दिए गए हैं।

भिवंडी में 1.91 करोड़ की खाद्य सामग्री जब्त

ठाणे जिले के भिवंडी स्थित नोवासोल इंग्रेडिएंट्स प्राइवेट लिमिटेड में जांच के दौरान बिना निर्धारित मंजूरी के खाद्य सामग्री का इस्तेमाल और भंडारण पाया गया। FDA ने यहां से 61 हजार 9 किलो खाद्य सामग्री, जिसकी कीमत 1 करोड़ 91 लाख 90 हजार 224 रुपये है, जब्त की है।

कोंकण में 84 टन सुपारी जब्त

कोंकण विभाग में तीन वाहनों से कथित रूप से घटिया और सड़ी हुई सुपारी बरामद की गई। कुल 84 हजार 694 किलो सुपारी, जिसकी कीमत 97 लाख 82 हजार 157 रुपये है, जब्त की गई। इसके अलावा दिवा में 210.8 किलो पाम ऑयल और रायगढ़ के करजत में 40 किलो इस्तेमाल किया हुआ कुकिंग ऑयल भी जब्त किया गया।

बुलढाणा में प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला ले जा रहे दो वाहन जब्त

बुलढाणा के जलंब में प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किए गए। इनमें विमल, वी-1 फ्लेवर्ड तंबाकू, पान बहार, राजश्री पान मसाला और अन्य प्रतिबंधित पदार्थ मिले। खाद्य पदार्थ और दोनों वाहनों समेत 55 लाख 53 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। इस मामले में जलंब पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। नासिक विभाग में प्रतिबंधित गुटखा जब्त करने के मामले में एक FIR दर्ज की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

मुंबई में Zepto और कई रेस्टोरेंट पर कार्रवाई

FDA की जांच में मुंबई के कई प्रतिष्ठानों में गंभीर लापरवाही सामने आई। भांडुप स्थित Zepto के स्टोरेज परिसर में तापमान निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। खराब और लौटाए गए सामान को बिक्री योग्य स्टॉक के साथ रखा गया था। खाद्य पदार्थों के साथ पर्सनल केयर प्रोडक्ट, फूल और कर्मचारियों की जैकेट भी रखी गई थी। यहां लाइसेंस निलंबित किया गया। बांद्रा पश्चिम के 5 Spice और Qin's में कॉकरोच पाए गए, कच्चा चिकन बिना ढके रखा गया था और कोल्ड स्टोरेज में बर्फ जमने के साथ कई अन्य गड़बड़ियां भी मिलीं। सांताक्रूज पश्चिम के EVE में कचरे के पास खाद्य सामग्री रखी गई थी, परिसर में पानी जमा था और खाद्य सामग्री के अवशेष नालियों में मिले। मालाड के Maiz Mexican Kitchen और Harvest Salad & Co. में स्टोरेज रैक और पैकेटबंद क्विनोआ के अंदर 10 से 15 जीवित कॉकरोच मिले। बटर और चीज बिना रेफ्रिजरेशन के रखे गए थे, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट और फूड सेफ्टी ट्रेनिंग रिकॉर्ड भी नहीं मिले।

मुंबई और पुणे के कई होटल-रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित

मुंबई में माझगांव की श्री प्रसाद बेकरी, वडाला की Blink Commerce, दादर की आजाद आइसक्रीम हाउस / होटल नंदा, अंधेरी की Kha Burger समेत कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। पुणे में मेट्रो रेस्टोरेंट, सहाना वेज रेस्टोरेंट, शिवाय कॉर्नर, ग्रैंड दिल्ली दरबार, द बर्गर बार्न कैफे, महादेव फूड्स और फिरोज कैटरर्स समेत कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। जांच में कई जगह बेहद अस्वच्छ किचन, कीड़ों का प्रकोप और कृत्रिम रंग के इस्तेमाल जैसी कमियां सामने आईं। इसके अलावा नासिक, रायगढ़, सातारा, कोल्हापुर और नागपुर में भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।

3.17 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

एयर इंडिया बिल्डिंग और विधान भवन परिसर समेत कुल 28 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान धारा 69 के तहत 1 लाख 57 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। अन्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई सहित राज्यभर में कुल 3 लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। FDA के मुताबिक इस विशेष अभियान में कुल 38 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन निलंबित किए गए, दो अपराध दर्ज हुए और एक गिरफ्तारी हुई। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने साफ चेतावनी दी है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और एक्सपायरी, मिलावटी या प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ बेचने और रखने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article