हरिद्वार में परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह के तहत शनिवार को भव्य दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान 24 हजार से अधिक दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए। वहीं,आरएसएस प्रमुख डॉ मोहन भागवत और डॉ. चिन्मय पंड्या की मौजूदगी में हजारों गायत्री परिजनों ने युग निर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भगवान किसी दिव्य कार्य को पूरा करने के लिए स्वयं नहीं आते, बल्कि उसकी जिम्मेदारी योग्य व्यक्तियों और संगठनों को सौंपते हैं। उन्होंने गायत्री परिवार और RSS जैसे संगठनों के कार्यों को सेवा और समर्पण से जुड़ा बताते हुए कार्यकर्ताओं से अपने उद्देश्य के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया। मोहन भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए 100 साल की यात्रा पूरी करना आसान नहीं होता। इससे भी बड़ी साधना है अनुशासन के साथ इस यात्रा को लगातार आगे बढ़ाना।
दुनिया समाधान के लिए भारत की ओर देख रही: मोहन भागवत
RSS प्रमुख ने कहा कि सनातन धर्म को लेकर किसी तरह की चिंता या संदेह करने की जरूरत नहीं है। वर्तमान समय में पूरी दुनिया अनेक चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में मानवता को रास्ता दिखाने की क्षमता भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में मौजूद है। दुनिया के लोग समस्याओं के समाधान के लिए भारत की ओर देख रहे हैं। मोहन भागवत ने भगवान हनुमान का उदाहरण देते हुए कहा कि वे दुनिया में सेवा करने वाले सभी लोगों के लिए आदर्श हैं। हनुमान जी का संकल्प था कि जब तक भगवान का काम पूरा नहीं होगा, तब तक विश्राम नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को भी इसी तरह अपने उद्देश्य के प्रति अटूट विश्वास और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए।'सनातन धर्म के उत्थान पर संदेह की जरूरत नहीं'
RSS प्रमुख ने कहा कि करीब 20 साल पहले सनातन धर्म के भविष्य को लेकर कई तरह की चिंताएं जताई जाती थीं। लोगों को आशंका थी कि यह परंपरा आगे बनी रहेगी या नहीं। हालांकि, लगातार प्रयासों और मेहनत के कारण अब सनातन धर्म के उत्थान को लेकर संदेह करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को देखकर डरने के बजाय मन में संकल्प और उत्साह बनाए रखना चाहिए। जब मन में भय होता है तो परिस्थितियां कठिन दिखाई देती हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति होने पर चुनौतियों का सामना करना आसान हो जाता है।
माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में डाक टिकट जारी
इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम और जन्म शताब्दी समारोह के प्रमुख चिन्मय पांड्या समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में विशेष स्मारक डाक टिकट डाक टिकट का अनावरण किया।
24 हजार दीपों से जगमगाया जन्मशताब्दी समारोह
इस अवसर पर 24 हजार से अधिक दीपों से भव्य दीप महायज्ञ आयोजित किया गया। दीपों के माध्यम से जन्मशताब्दी समारोह और गायत्री महामंत्र की आकर्षक आकृतियां बनाई गईं। इस दौरान डॉ. चिन्मय पंड्या की मौजूदगी में हजारों गायत्री परिजनों ने गुरुदेव और माताजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा युग निर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। समारोह में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने माता भगवती देवी शर्मा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने नारी शक्ति के सामने अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और श्रद्धेया शैलदीदी ने 'मां बोलती है' पुस्तक का विमोचन भी किया। डॉ. चिन्मय पंड्या ने गायत्री परिवार की विचारधारा, गुरुदेव के युग निर्माण अभियान और समाज में आध्यात्मिक चेतना के विस्तार के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
