दुनिया

'दो साल नहीं, हमेशा के लिए चाहिए सुरक्षा', जेलेंस्की ने NATO सदस्यता को बताया यूक्रेन की सबसे बड़ी गारंटी

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने NATO की सदस्यता को अपने देश के लिए सबसे मजबूत सुरक्षा गारंटी बताया है। जेलेंस्की ने कहा कि वैकल्पिक सुरक्षा समझौते लिखित और स्थायी होने चाहिए।

Image

वोलोदिमीर जेलेंस्की (File Photo)

Photo : AP

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक बार फिर दोहराया है कि NATO की सदस्यता उनके देश के लिए सबसे स्पष्ट और मजबूत सुरक्षा गारंटी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूक्रेन को इस गठबंधन में शामिल करने से न केवल यूक्रेन सुरक्षित होगा, बल्कि खुद नाटो भी और अधिक मजबूत बनेगा। जेलेंस्की ने यह बात बर्लिन में हुई ‘कोएलिशन ऑफ द विलिंग’ की बैठक में यूक्रेन की NATO सदस्यता पर चर्चा के बाद कही। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि सहयोगी देश भी मानते हैं कि यूक्रेन की सुरक्षा का सबसे स्पष्ट रास्ता NATO की सदस्यता है। उन्होंने कहा कि NATO को मजबूत करने का सबसे सीधा तरीका यूक्रेन को इसमें शामिल करना है।

NATO के आर्टिकल-5 जैसी गारंटी पर उठाए सवाल

जेलेंस्की ने NATO के आर्टिकल-5 की तर्ज पर यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने के प्रस्तावों पर भी सवाल उठाए। आर्टिकल-5 के तहत गठबंधन के किसी सदस्य पर हमला सभी सदस्यों पर हमला माना जाता है और सामूहिक रक्षा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ऐसी सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था किस रूप में काम करेगी और क्या इसमें शामिल देश यूक्रेन पर दोबारा हमला होने की स्थिति में उसकी रक्षा के लिए तैयार होंगे। जेलेंस्की के मुताबिक, किसी भी वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था की शर्तें स्पष्ट रूप से लिखित होनी चाहिए। केवल मौखिक आश्वासन पर्याप्त नहीं हैं।

दो साल नहीं, हमेशा के लिए चाहिए सुरक्षा

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि उनके देश को ऐसी सुरक्षा गारंटी चाहिए, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के बाद भी प्रभावी रहे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को दो साल के लिए नहीं, बल्कि हमेशा के लिए सुरक्षा चाहिए। उनके मुताबिक, अस्थायी व्यवस्था केवल युद्ध में विराम दे सकती है, स्थायी शांति नहीं।

जेलेंस्की ने यह भी कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दुनिया की सीमाओं को फिर से तय करने और दुनिया को प्रभाव क्षेत्रों में बांटने का अपना कथित उद्देश्य हासिल नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका और रूस के बीच द्विपक्षीय बातचीत में यूक्रेन पर चर्चा नहीं हुई और सार्वजनिक तौर पर ऐसा कोई नतीजा सामने नहीं आया, जिससे यह संकेत मिले कि सीमाओं के पुनर्निर्धारण पर सहमति बनी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article