Family ID Portal: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने ‘परिवार आईडी- एक परिवार एक पहचान’ बनवाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल https//familyid.up.gov.in की शुरुआत कर दी है। इसके जरिए अब लोग आसानी से सरकारी योजनाओं का फायदा उठा सकेंगे। इसमें अहम बात यह कि उत्तर प्रदेश में रहने वाले जिन भी परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, वह इसके जरिए योजनाओं का फायदा उठा सकते हैं। सस्ता और मुफ्त राशन भी इसी पोर्टल के जरिए परिवारों को मिल सकेगा। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में कई ऐसे भी परिवार हैं, जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के पात्र नहीं हैं। इनमें अधिकतर वो परिवार शामिल हैं जिनके पास राशन कार्ड है ही नहीं। इस पोर्टल की सहायता से अब परिवार अपनी आईडी बनवा सकेंगे, और आईडी के जरिए योजना का फायदा उठा सकेंगे।
उत्तर प्रदेश के जिन परिवारों के पास राशन कार्ड है, उनकी राशन कार्ड आईडी ही उनकी परिवार की आईडी होगी। अन्य लोगों को इस पोर्टल के जरिए आईडी दी जाएगी। एक परिवार एक पहचान योजना के सभी परिवारों को एक विशिष्ट पहचान मिलेगी। इन आईडी के तहत यूपी के परिवारों का लाइव व्यापक डेटाबेस तैयार किया जाएगा।
