Valentine Week 2023: अपने अदम्य साहस व राजपूती रवानी की कहानियों को इतिहास में समेटे राजस्थान की प्रकृति भी इसके जैसी ही खूबसूरत है। जो हर किसी को आकर्षित करती है। जयपुर से करीब 298 किमी की दूरी पर मारवाड़ और मेवाड़ के संगम की सरजमीं पर स्थित है भाषाई सौम्यता का प्रतीक पाली जिला। यहां अरावली की मनमोहक वादियां प्रकृति के खजाने से भरपूर है।

Jawai Dam
यहीं पर अरावली की गोद में मंथर गति से बहने वाली लूणी नदी की सहायक जवाई नदी के मुहाने पर बना है करीब 70 साल पुराना जवाई बांध। बांध के आसपास जंगल व पहाड़ों की सुंदरता हर किसी को लुभाती है। यहां के मनोरम दृश्य को देखने बॉलीवुड की कई हस्तियां आ चुकी। जिनमें अभिनेत्री काजोल से लेकर कटरीना कैफ तक शामिल हैं। इस बार अगर आप वैलेंटाइन वीक सेलिब्रेट करने के लिए किसी अच्छी जगह की तलाश में हैं तो राजस्थान के ये टूरिस्ट स्पाॅट आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। तो देर किस बात की जवाई बांध के इस पर्यटन स्थल को करें अपने प्लान में शामिल और अपने पार्टनर के साथ यहां जरूर विजिट करें। यहां आने के लिए नजदीकी रेलवे स्टेशन पाली है व एयरपोर्ट की अगर बात करें तो करीब 72 किमी दूर जोधपुर है।

Jawai Hills
जोधपुर के महाराजा ने बनवाया था ये बांध
जवाई बांध प्रदेश के पाली जिले के नजदीक सुमेरपुर शहर के पास स्थित है। इसका निर्माण जोधपुर के तत्कालीन महाराजा उम्मेद सिंह ने करवाया था। बता दें कि, साल 1946 में इसका निर्माण शुरू किया गया था व ये सन 1957 में पूरा हुआ था। करीब सात दशक पहले इसके निर्माण पर जोधपुर राजपरिवार की ओर से उस जमाने में दो करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। यह पश्चिमी राजस्थान का सबसे बड़ा डेम है, जिसकी कुल क्षमता 7887.5 मिलियन क्यूबिक फीट है।
Rajasthan Jawai Hills
