Jaipur News: राजधानी जयपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने निकलकर आया है। राजस्थान जस्टिस परीक्षा में पास नहीं होने पर एक युवक अपने घर से करीब 30 मीटर की दूरी पर स्थित सौ फीट ऊंची पानी की टंकी से कूद गया। जिसमें गिरने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक युवक पिछले कई दिनों से डिप्रेशन में चल रहा था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
बता दें कि, मृतक विनायक की बहन की शादी 4 नवंबर को होने वाली थी। अभी तक जिस घर में शादी की खुशियां थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
दो महीने से अवसाद में था युवक
मिली जानकारी के अनुसार घटना जयपुर के महेश नगर इलाके की है। यहां 26 साल के युवक विनायक शर्मा ने सुसाइड कर लिया। बता दें कि एक पानी की मोटर चालू करने वाला कर्मचारी टंकी के पास से जा रहा था तो उसने विनायक को नीचे उतरने की बात कही थी। विनायक नहीं माना और उसके सामने ही 100 फीट ऊंची पानी की टंकी से नीचे कूद गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूछताछ में सामने निकलकर आया है कि, करीब 2 महीने पहले जब आरजेएस परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया था तब से विनायक अवसादग्रस्त हो गया था।
काफूर हुई शादी की खुशियां
बता दें कि घटना के पहले तक विनायक शादी की तैयारियों में लगा हुआ था। परिवार वालों को वह काफी खुश दिखाई दे रहा था। लेकिन घटना के समय वह घर से निकल गया। इसके बाद परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने बताया कि, विनायक को देखकर उन्हें बिल्कुल भी ऐसा नहीं लग रहा था कि, वह ऐसा कदम उठा लेगा। फिलहाल अब घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। परिवार सदमे में है। जिस बहन की शादी होनी थी वह अब शादी कुछ दिनों बाद करने की बात सबसे कह रही है। वहीं पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
