Greater Noida Authority: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-थ्री से नोएडा के सेक्टर-146 व 147 के बीच में 60 मीटर चौड़ी एप्रोच रोड बनाने का काम शुरू होने वाला है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के सार्थक प्रयास से इसे बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इसे बनाने में करीब 34.77 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसे मिलाकर कुल 28 कार्यों के लिए भी करीब 84 करोड़ रुपये के टेंडर निकाल दिए गए हैं। ग्रेटर नोएडा सेक्टर वन, टू व थ्री और ओमीक्रॉन वन-ए में सामुदायिक केंद्र का निर्माण भी इनमें शामिल किया गया है।
बता दें कि नोएडा के सेक्टर 146 व 147 से ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-थ्री के बीच नया वैकल्पिक मार्ग बनाया जाना है। इसके लिए हिंडन पर पुल निर्माण जारी है। इसके बन जाने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों को एक और ऑप्शनल रास्ता मिल जाएगा। इससे पीक ऑवर में परी चौक पर भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।
प्राधिकरण सीईओ ने काम में तेजी लाने का दिया निर्देश
मिली जानकारी के अनुसार बीते 10 नवंबर को नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने हिंडन मुहाने तक दौरा किया था। मौके पर हुए निर्माण कार्यों पर असंतोष जताते हुए इसकी गति और बढ़ाने के निर्देश दिए थे। सीईओ ने उसी दिन शाम को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑफिस में दोनों प्राधिकरणों के संबंधित अधिकारियों व निर्माणकर्ता एजेंसी सेतु निगम के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक भी की थी।एप्रोच रोड के लिए टेंडर जारी
प्राधिकरण की सीईओ ने दोनों प्राधिकरण के अधिकारियों से आपसी तालमेल बनाकर किसानों से बातचीत करके पुल और दोनों तरफ एप्रोच रोड का निर्माण शीघ्र शुरू कराने के दिशा निर्देश दिए थे। परियोजना विभाग ने 34.77 करोड़ रुपये की लागत की इस परियोजना का टेंडर भी निकाल दिया है। इस कार्य के लिए 29 नवंबर से 13 दिसंबर तक बिड अपलोड किया जा सकता है। 15 दिसंबर को प्री क्वालीफिकेशन बिड खोल दी जाएगी। सीईओ ने एक माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
