Mahashivratri 2024: भारत में वैसे तो कई शिव मंदिर हैं और उनकी अपनी अलग-अलग मान्यताएं हैं। वैसा ही एक मंदिर ग्रेटर नोएडा में भी है। इस मंदिर से भक्तों की अटूट आस्था जुड़ी है। बताया जाता है कि यह मंदिर बहुत अनोखा है और इसका संबंध रावण से है। यह मंदिर ग्रेटर नोएडा के बिसरख गांव में है। महाशिवरात्रि आने वाली है, ऐसे में अगर आप भी ग्रेटर नोएडा में रहते हैं तो इस मंदिर में भोलेनाथ के दर्शन के लिए जा सकते हैं।
कहा जाता है बिसरख गांव में लंकापति रावण का जन्म हुआ था। इस गांव में ही रावण के पिता विश्रवा ऋषि ने एक अष्टभुजी शिवलिंग की स्थापना करवाई थी। यह शिवलिंग आज भी इस गांव में विराजमान है।
शिवलिंग की गहराई आज भी है रहस्य!
मान्यता है कि इस मंदिर में राम-रावण की साथ में पूजा होती है। शिवरात्रि में यहां दूर-दूर से लोग पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचते हैं। यहां स्थापित शिवलिंग की गहराई आज भी रहस्य बनी हुई है।
रावण को यहीं महादेव से मिला था वरदान
मान्यता है कि इसी गांव में राणव महादेव की पूजा करने आता था, जिसके बाद प्रसन्न होकर महादेव ने रावण को बुद्धिमान और पराक्रमी होने का वरदान दिया था। बताया जाता है कि मंदिर में स्थापित शिवलिंग की गराई जानने के लिए खुदाई की गई थी, लेकिन जब शिवलिंग का कोई अंत नहीं मिला तो खुदाई कार्य को रोक दिया गया।
