क्रिकेट

SA20 League: जैक कैलिस को है उम्मीद, कार्तिक के डेब्यू के बाद लीग से जुड़ेंगे और भारतीय

भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने जा रहे हैं। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक कैलिस ने और भी पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के लीग से जुड़ने की संभावना जताई है।

Image

जैक कैलिस(साभार IPL)

नई दिल्ली: दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर जाक कैलिस को उम्मीद है कि एसए20 लीग में दिनेश कार्तिक के होने वाले पदार्पण से संन्यास ले चुके और भी भारतीय खिलाड़ी इस लीग से जुड़ेंगे। कार्तिक 2025 एसए20 में पार्ल रॉयल्स की ओर से खेलने के लिए तैयार हैं। वह लीग में शामिल होने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बनेंगे। इस साल की शुरुआत में भारतीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने के बाद वह इस टूर्नामेंट में खेलने के पात्र हैं।

पार्ल रॉयल्स के लिए खेलेंगे कार्तिक

कार्तिक जोस बटलर की जगह रॉयल्स में शामिल हुए जिन्होंने आगामी सत्र में नहीं खेलने का फैसला किया है। एसए20 के एंबेसडर कैलिस ने वर्चुअल बातचीत के दौरान कहा,'भारत से स्तरीय खिलाड़ियों का आना शानदार है। उम्मीद करता हूं कि यह कई और भारतीयों के आने की शुरुआत होगी।'

संन्यास के बाद ही विदेशी लीग में खेल सकते हैं भारतीय

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की मौजूदा नीति के अनुसार भारतीय खिलाड़ियों को आईपीएल सहित खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद ही विदेशी लीग में खेलने की स्वीकृति है। कैलिस ने कहा,'हां, निश्चित रूप से उनका होना अच्छा होगा लेकिन स्पष्ट कारण यह है कि बीसीसीआई को अपने खिलाड़ियों का ध्यान रखना होगा इसलिए एक अच्छा संतुलन बनाना होगा। एसए20 ने जिस तरह से शुरुआत की है, उससे हम भाग्यशाली हैं। आईपीएल में शामिल प्रमुख फ्रेंचाइजी का समर्थन निश्चित रूप से हमारी मौजूदा लीग को पेश करने में बड़ा अंतर पैदा करता है।'

आईपीएल हमेशा रहेगा नंबर वन

कैलिस ने कहा,'आईपीएल हमेशा नंबर एक पर रहेगा। लीग, खिलाड़ियों का स्तर, दर्शकों की भागीदारी - यह सब अलग स्तर पर हैं। इस समय किसी भी अन्य चीज से बहुत आगे हैं। हमारा लक्ष्य आईपीएल के जितना संभव हो सके उतना करीब पहुंचना और प्रशंसकों के लिए एक रोमांचक लीग बनाना है।'

फिर शुरू होनी चाहिए चैंपियंस लीग टी20

कैलिस ने विवादास्पद इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर कहा कि यह एक ऑलराउंडर के विकास में बाधा डालता है। उन्होंने कहा,'नहीं, मुझे इम्पैक्ट प्लेयर नियम पसंद नहीं है क्योंकि मुझे लगता है कि यह ऑलराउंडर से दूर ले जाता है। हम दक्षिण अफ्रीका में ऑलराउंडर तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं और यह नियम उस भूमिका को कम करता है। इसलिए मैं इसे एसए20 में नहीं देखना चाहूंगा।' दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व कप्तान ने चैंपियंस लीग टी20 को फिर शुरू करने के विचार का भी समर्थन किया जिसमें दुनिया भर की की फ्रेंचाइजी टीम एक साथ खेलती हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article