Water Supply: बारिश के पानी में जलमग्न गाजियाबाद के लोगों के सामने अब एक नई मुसीबत है। हरिद्वार के गंगनहर से शहर में होने वाले पानी की आपूर्ति को रोक दिया गया है। जिसकी वजह से आज शाम से गाजियाबाद के अलावा नोएडा में भी गंगाजल की आपूर्ति बाधित होगी। कई स्थानों पर जलापूर्ति शनिवार को भी बाधित रही, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी हुई।
बता दें कि गंगनहर से आने वाले पानी के लिए सिद्धार्थ विहार और प्रताप विहार गंगाजल प्लांट बना है। यहां से प्रतिदिन गाजियाबाद को 50 क्यूसेक और नोएडा को 100 क्यूसेक गंगाजल की आपूर्ति की जाती है। यहां से गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार, इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली में रहने वाले लाखों परिवारों को गंगाजल की आपूर्ति होती है। आज से आगामी सूचना तक इन जगहों पर पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित रहेगी। इसलिए लोगों को पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था कर लेने की सलाह दी गई है।
हरिद्वार से गंगनहर में रोका गया पानी की आपूर्ति
गंगाजल प्लांट के मैनेजर उनमय शुक्ला ने जलपूर्ति बाधित होने की जानकारी देते हुए बताया कि गंगनहर में हरिद्वार से पानी की आपूर्ति रोक दी गई है। इसकी सूचना शनिवार को दी गई। जिसके बाद रिजर्व गंगाजल से शनिवार को नोएडा और गाजियाबाद में गंगाजल की आपूर्ति की गई, लेकिन रविवार सुबह के बाद रिचर्व पानी खत्म हो जाएगा। जिसके बाद जब तक नहर से पानी नहीं छोड़ा जाएगा गंगाजल की आपूर्ति नोएडा-गाजियाबाद में पूरी तरह से बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि नहर में पानी सप्लाई को लेकर अभी तक कोई सूचना नहीं दी गई है। ऐसे में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा संबंधित स्थानों पर पानी की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजाम करने का कहा गया है। कई जगहों पर कैंटर से पानी की सप्लाई शुरू भी कर दिया गया है। हालांकि इस परेशानी से बचने के लिए लोगों को खुद से भी पानी का इंतजाम करना होगा। जिससे कि लोगों को परेशानी न हो।
