Faridabad: फरीदाबाद जिले में घर के अंदर परिवार को बंधक बना लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। शहर के सेक्टर-56 स्थित एक घर में दिनदहाड़े घुसे दो बदमाशों ने पहले उस घर की मालकिन और उसके दो बच्चों को चाकू की नोंक पर बंधक बनया और फिर घंटों तक पूरे घर को खंगाला। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे आराम से फरार हो गए। बदमाश ने जाते समय बाथरूम के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। मां और उसके दोनों बच्चे दिनभर बाथरूम में बंद रहे। शाम को जब एक रिश्तेदार घर पहुंचा तो उसने बाथरूम का दरवाज खोल तीनों को बाहर निकाला और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरा परिवार सहमा हुआ है।
फरीदाबाद पुलिस के अनुसार लूट की यह पूरी घटना रविवार दिन की है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार सुबह करीब 11 बजे दो बदमाश सेक्टर-56 स्थित एक घर के बाहर पहुंचे और दरवाजे की घंटी बजाई। घर की मालकिन ने जैसे ही गेट खोला दोनों बदमाश उसे धक्का मारते हुए घर के अंदर घुस गए। जिसके बाद चाकू की नोक पर उसे और उसके बेटा-बेटी को बंधक बना बाथरूम में बैठा दिया। पीड़ित महिला के अनुसार, लुटेरे उसके घर से करीब करीब पांच लाख रुपये की ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान व हजारों रुपये कैश लूट कर फरार हो गए।
