देश

जाकिर नाइक के फाउंडेशन IRF पर कसा शिकंजा, MHA ने प्रतिबंध 5 साल के लिए और बढ़ाया

भड़काऊ भाषण देने वाले जाकिर नाईक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर गृह मंत्रालय का शिकंजा फिर कस गया है। गृह मंत्रालय ने आईआरएफ पर अपना प्रतिबंध पांच साल के लिए और बढ़ा दिया है। आईआरएफ की अवैध गतिविधियों के लिए सरकार ने उस पर यह कार्रवाई की है।

Image

आईआरएफ पर पांच साल के लिए लगा बैन।

Photo : PTI

Zakir Naik News: भड़काऊ भाषण देने वाले जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर गृह मंत्रालय का शिकंजा फिर कस गया है। गृह मंत्रालय ने आईआरएफ पर अपना प्रतिबंध पांच साल के लिए और बढ़ा दिया है। आईआरएफ की अवैध गतिविधियों के लिए सरकार ने उस पर यह कार्रवाई की है। भारत की कानूनी एजेंसियों से बचने के लिए नाइक मलेशिया में छिपा हुआ है।

IRF का संस्थापक है नाइक

जाकिर नाइक विवादित इस्लामिक उपदेशक और इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन का संस्थापक है। वह अपने भाषणों और धार्मिक विचारों को लेकर लंबे समय से विवादों में रहा है। भारत सरकार का आरोप है कि उसके भाषणों और गतिविधियों से धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य फैल सकता है और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित किया जा सकता है। नवंबर 2016 में केंद्र सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत IRF को पांच साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। बाद में इस प्रतिबंध को आगे भी बढ़ाया गया।

2021 में भी बढ़ा पांच साल का प्रतिबंध

नवंबर 2021 में गृह मंत्रालय ने प्रतिबंध को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाते हुए IRF को गैरकानूनी संगठन घोषित रखा। UAPA ट्रिब्यूनल ने मार्च 2022 में इस फैसले की पुष्टि की थी। सरकार ने अपने आदेश में आरोप लगाया कि नाइक के भाषणों से विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच नफरत और वैमनस्य को बढ़ावा मिलता है। सरकार ने यह भी कहा कि उनके भाषण युवाओं को कट्टरपंथ और आतंकवादी गतिविधियों की ओर प्रेरित कर सकते हैं।

IRF के खिलाफ NIA ने 2016 में दर्ज किया केस

2016 में भारत छोड़ने के बाद नाइक मलेशिया में रहता आ रहा है। भारत ने उनके प्रत्यर्पण की मांग भी की है। नाइक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके बयानों को गलत तरीके से पेश किया गया है। नाइक की भारत में जांच का एक प्रमुख हिस्सा मनी लॉन्ड्रिंग और कथित भड़काऊ भाषणों से जुड़ा है। NIA ने नवंबर 2016 में IRF की कथित गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर मामला दर्ज किया था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article