क्या आपको भी बार-बार पेट फूलने, गैस बनने या खाना खाने के बाद भारीपन महसूस होता है? क्या ऑफिस में काम करते समय थकान और सुस्ती दूर करने के लिए आप बार-बार चाय या कॉफी पीते हैं? हमारी रोजमर्रा की कुछ ऐसी आदतें हैं, जिन्हें हम सेहत के लिए अच्छा समझते हैं, लेकिन उनका असर उल्टा भी हो सकता है। पानी पीने का तरीका, कॉफी का सेवन, दोपहर के खाने की मात्रा और काम के बीच ब्रेक लेने की आदत, ये सभी हमारी सेहत को प्रभावित करते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें -
लिवर और पाचन से जुड़ी समस्याओं को समझने के लिए इन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना जरूरी है। जाने-माने लिवर विशेषज्ञ डॉ. एसके सरीन ने इन रोजमर्रा की आदतों को लेकर महत्वपूर्ण बातें बताई हैं। उनके अनुसार, बेहतर सेहत के लिए महंगे उपायों से ज्यादा जरूरी है अपनी दिनचर्या में सही बदलाव करना। आइए जानते हैं गैस, ब्लोटिंग और सुस्ती से बचने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
बार-बार पानी पीने से हो सकती है पेट में गैस?
कई लोग दिनभर थोड़ी-थोड़ी देर में पानी के घूंट लेते रहते हैं। उनका मानना है कि इससे शरीर हमेशा हाइड्रेटेड रहता है। हालांकि, पानी पीते समय कुछ हवा भी निगली जा सकती है, जिससे कुछ लोगों को डकार और पेट फूलने की परेशानी हो सकती है। डॉ. एसके सरीन के अनुसार, पानी पीने की आदत को सहज रखना चाहिए। प्यास और शरीर की जरूरत के अनुसार पानी पिएं। एक बार में बहुत ज्यादा पानी पीने के बजाय आराम से पिएं और अनावश्यक रूप से बार-बार घूंट लेने की आदत से बचें।
लिवर के लिए फायदेमंद कॉफी
कॉफी केवल नींद भगाने का जरिया नहीं है। शोध बताते हैं कि नियमित कॉफी का सेवन लिवर की सेहत के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। यह लिवर फाइब्रोसिस और सिरोसिस जैसी समस्याओं के जोखिम को कम करने से जुड़ा पाया गया है। डॉ. एसके सरीन के अनुसार, कॉफी का सेवन स्वाद और आनंद के लिए करें, थकान मिटाने की दवा समझकर नहीं। हालांकि, इसमें चीनी की अधिक मात्रा से बचें और ब्लड प्रेशर या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होने पर डॉक्टर की सलाह लें। कॉफी खराब खानपान या शराब से होने वाले नुकसान का इलाज नहीं है।
चाय-कॉफी पीकर नहीं, ऐसे होगा तनाव दूर
ऑफिस में लगातार बैठकर काम करने से मानसिक थकान और तनाव बढ़ सकता है। ऐसे में हर बार चाय या कॉफी पीने के बजाय थोड़ी देर टहलना बेहतर विकल्प हो सकता है। डॉ. सरीन के अनुसार, बिना फोन और इयरफोन के दो मिनट ध्यान लगाकर टहलने से मन को आराम मिल सकता है और काम पर दोबारा ध्यान लगाने में मदद मिलती है। यह छोटी-सी आदत दिनभर की सुस्ती कम करने में भी मददगार हो सकती है।
भारी लंच के बाद क्यों आती है नींद और सुस्ती?
दोपहर में ज्यादा रोटी, चावल और कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन करने के बाद कई लोगों को नींद और सुस्ती महसूस होती है। इसका एक कारण भोजन के बाद शरीर में होने वाले पाचन संबंधी बदलाव हैं। डॉ. एसके सरीन के अनुसार, दोपहर का भोजन बहुत भारी नहीं होना चाहिए। संतुलित मात्रा में खाना खाएं और अपनी डाइट में प्रोटीन, सब्जियां तथा फाइबर शामिल करें। इससे भोजन के बाद होने वाली भारीपन और सुस्ती की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
