देश

'मौत से डर नहीं, अपने लोगों के बीच मरना पसंद करूंगी'…बांग्लादेश वापसी पर शेख हसीना का बड़ा बयान

Sheikh Hasina News: बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने गिरफ्तारी या मौत के खतरे के बावजूद ढाका लौटने का संकल्प दोहराया है और युनुस प्रशासन पर न्यायिक जांच रोकने के आरोप लगाए हैं।

Image

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना (फाइल फोटो- PTI)

Sheikh Hasina News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश वापसी को लेकर अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) को दिए एक इंटरव्यू में हसीना ने जोर देकर कहा कि गिरफ्तारी, जेल जाने या जान से मारे जाने का खतरा उन्हें ढाका लौटने से नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि वह अपने लोगों से दूर रहने के बजाय अपनी मातृभूमि में मरना पसंद करेंगी।

'डर ने मुझे कभी सही काम करने से नहीं रोका'

अपनी सुरक्षा को लेकर संभावित खतरों पर बात करते हुए शेख हसीना ने 1981 और 2007 में अपनी पिछली देश वापसी को याद किया। हसीना ने कहा, "मैं खतरों को अच्छी तरह समझती हूं। मेरे पहुंचते ही मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है, जेल भेजा जा सकता है या मुझे मारने की कोशिश भी हो सकती है। मैंने इन सभी संभावनाओं पर विचार किया है, लेकिन मैंने बहुत पहले ही अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की चिंता करना छोड़ दिया था।"

पुराना संघर्ष दिलाया याद

उन्होंने याद दिलाया कि वह 1981 में सैन्य शासन के बावजूद बांग्लादेश लौटी थीं और 2007 में भी यह जानते हुए स्वदेश वापस आई थीं कि सैन्य समर्थित सरकार उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। उन्होंने कहा कि जेल और जानलेवा हमलों के बावजूद डर ने उन्हें कभी सही काम करने से नहीं रोका। बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि देश बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है।

शेख हसीना कब बांग्लादेश छोड़ी और कब वापस जाएगी?

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 5 अगस्त 2024 को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर बांग्लादेश छोड़ा था और भारत आ गई थीं। हाल ही में शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग ने घोषणा की है कि वे दिसंबर 2026 में बांग्लादेश वापस लौटेंगी। हालांकि, उन्होंने अभी तक दिसंबर की कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है। बांग्लादेश वापसी के लिए उनके वकीलों ने 9 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश दूतावास में नए पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों के लिए आवेदन दिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article