शहर

फिरोजाबाद में हाफ एनकाउंटर के बाद आरोपी सलमान खान गिरफ्तार, हत्या के मामले में था वांटेड

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद हत्या के आरोपी आमिर उर्फ सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। आरोपी बरेली निवासी फईम की हत्या के मामले में फरार था।

Image

फिरोजाबाद में एनकाउंटर के बाद आरोपी गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Firozabad Police Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। थाना सिरसागंज पुलिस ने गुरुवार देर रात इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बरेली जिले का रहने वाला है। उस पर सिरसागंज इलाके में बरेली निवासी फईम की हत्या करने का आरोप है। हत्या के इस मामले में कई दिनों से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या का आरोपी अहमदपुर के पास मौजूद है और साक्ष्य मिटाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही सिरसागंज पुलिस की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

तमंचा, कारतूस और आला कत्ल बरामद

पुलिस का दावा है कि आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आमिर उर्फ सलमान के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक बाइक, देशी तमंचा, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल किया गया आला कत्ल बरामद करने का दावा किया है। मुठभेड़ में घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article