Nvidia Controversy : दुनिया की सबसे दिग्गज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया (Nvidia) इस समय एक बड़े नेतृत्व संकट से गुजर रही है। कंपनी के लंबे समय से सीईओ रहे जेन्सन हुआंग (Jensen Huang) के कथित दो विवाहेतर संबंधों (Extramarital affairs) की खबरें सामने आने के बाद बवाल मच गया है। इस विवाद के बीच कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की एक अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें यह फैसला लिया जाएगा कि हुआंग को उनके पद से हटाया जाए या नहीं। हालांकि, इस पूरे मामले पर एनवीडिया ने अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। जेन्सन हुआंग ने कभी भी अपने उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा नहीं की है, लेकिन मौजूदा संकट को देखते हुए बाजार के विश्लेषक और निवेशक दो प्रमुख नामों पर दांव लगा रहे हैं। इनमें पहला नाम कंपनी के दिग्गज इंजीनियर इयान बक (Ian Buck) का है और दूसरा नाम मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस (Colette Kress) का है।
जेन्सन हुआंग की जगह भरना क्यों है मुश्किल?
जेन्सन हुआंग कोई आम सीईओ नहीं हैं। अपनी खास चमड़े की जैकेट (लेदर जैकेट) और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर हुआंग को एनवीडिया चिप का सबसे बड़ा प्रचारक माना जाता है। उन्होंने वीडियो गेम के प्रोसेसर बनाने से कंपनी की शुरुआत की और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया का बेताज बादशाह बना दिया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक सिडनी स्थित 'फ्लडलाइन्स रिसर्च' की संस्थापक अन्ना वू का कहना है कि हुआंग इंडस्ट्री के एक रॉकस्टार हैं और उनकी पहचान एनवीडिया ब्रांड का पर्याय बन चुकी है। उनके जैसे करिश्माई नेता की जगह लेना किसी के लिए भी बेहद कठिन होगा। हुआंग के कंपनी से बाहर जाने की आशंका का असर शेयर बाजार पर भी साफ दिख रहा है। इस सप्ताह एनवीडिया के शेयरों में भारी बिकवाली हुई है, जिससे कंपनी के बाजार मूल्य में 600 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट आई है। इस गिरावट के कारण एनवीडिया दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी के स्थान से खिसककर दूसरे नंबर पर आ गई है।
कोलेट क्रेस: कंपनी को संभालने का सबसे सुरक्षित विकल्प
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर हुआंग को पद छोड़ना पड़ता है, तो अंतरिम रूप से कमान संभालने के लिए सीएफओ कोलेट क्रेस सबसे आसान और सुरक्षित विकल्प हो सकती हैं। 59 वर्षीय क्रेस 2013 में एनवीडिया से जुड़ी थीं। इससे पहले वे माइक्रोसॉफ्ट, सिस्को और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स जैसी बड़ी टेक कंपनियों में काम कर चुकी हैं। 'सेमाफोर' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड के कुछ सदस्य भी उन्हें अंतरिम सीईओ बनाने के पक्ष में हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म 'ईटोरो' (eToro) के प्रमुख विश्लेषक जोश गिल्बर्ट के अनुसार, कोलेट क्रेस पिछले 13 वर्षों से सीएफओ हैं और हर तिमाही नतीजों के दौरान हुआंग के साथ निवेशकों से रूबरू होती हैं। ऐसे कठिन समय में जब बाजार को एक भरोसेमंद आवाज की सख्त जरुरत है, क्रेस कंपनी की नैया को संभालने के लिए सबसे बेहतर विकल्प हैं।
इयान बक: तकनीक के महारथी और लंबे समय के दावेदार
हालांकि, जब बात स्थायी सीईओ की आती है, तो एक्सपर्ट्स की राय बदल जाती है। जोश गिल्बर्ट का मानना है कि एनवीडिया की असली ताकत उसकी तकनीक है, इसलिए बोर्ड किसी इंजीनियर को ही स्थायी रूप से टॉप कुर्सी पर बिठाना चाहेगा। इस लिहाज से इयान बक का नाम सबसे ऊपर आता है। करीब 49 वर्षीय इयान बक 2004 में एनवीडिया से जुड़े थे। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पीएचडी करने वाले बक ने एनवीडिया चिप्स पर एआई को लॉन्च करने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें कंपनी के बेहद लोकप्रिय 'CUDA' सॉफ्टवेयर सिस्टम को विकसित करने का श्रेय दिया जाता है, जो डेवलपर्स को एनवीडिया के चिप्स से जोड़े रखता है। वर्तमान में वे हाइपरस्केल एआई (Hyperscale AI) के प्रोडक्ट हेड के रूप में कंपनी के एआई हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों का कामकाज संभालते हैं। 'फ्यूचुरम इक्विटीज' के मुख्य बाजार रणनीतिकार शे बोलूर का कहना है कि अगले दशक में कंप्यूटिंग किस दिशा में जाएगी, इसकी समझ होना बहुत जरूरी है। इस मामले में इयान बक कंपनी के भीतर सबसे मजबूत दावेदार हैं। हालांकि, बक खुद अपनी क्षमताओं को लेकर काफी विनम्र रहते हैं और उनका मानना है कि एआई के भविष्य की भविष्यवाणी करना बेहद चुनौतीपूर्ण काम है।
बाहरी चेहरे और को-सीईओ का फॉर्मूला
कंपनी के अंदरूनी लोगों के अलावा कुछ बाहरी नामों पर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। इनमें प्रतिद्वंद्वी चिप कंपनी 'आर्म' के सीईओ और एनवीडिया के पूर्व कार्यकारी रेने हास (Rene Haas) का नाम प्रमुख है। सेमीकंडक्टर उद्योग की गहरी समझ और हाई-प्रोफाइल छवि के कारण उन्हें एक तार्किक विकल्प माना जा रहा है। इसके अलावा, 32 साल से एनवीडिया में काम कर रहे जेफ फिशर और जेन्सन हुआंग के दोनों बच्चों (जो कंपनी में कार्यकारी पदों पर हैं) के नाम की भी चर्चा है। वहीं सट्टेबाजी के प्लेटफॉर्म 'पॉलीमार्केट' (Polymarket) के आंकड़ों के मुताबिक, साल के अंत तक हुआंग के इस्तीफे या हटाए जाने की 83% संभावना जताई जा रही है, जिसमें अगले सीईओ के रूप में इयान बक को सबसे आगे और कोलेट क्रेस को दूसरे नंबर पर रखा गया है।
रॉयटर्स के मुताबिक एनवीडिया में हिस्सेदारी रखने वाली सिडनी की 'मिनोटौर कैपिटल' की सह-संस्थापक अर्मीना रोसेनबर्ग ने एक बीच का रास्ता सुझाया है। उनका मानना है कि स्थायी विकल्प ढूंढने में समय लगेगा, इसलिए बोर्ड 'को-सीईओ' का मॉडल अपना सकता है। इसके तहत कोलेट क्रेस को व्यवसाय और वित्त संभालने की जिम्मेदारी दी जा सकती है, जबकि इयान बक को तकनीक और उत्पाद का नेतृत्व सौंपा जा सकता है। फिलहाल, पूरी टेक दुनिया की नजरें एनवीडिया बोर्ड की बैठक पर टिकी हैं।
