Pavel Durov Controversy: दिग्गज टेक कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेनसन हुआंग के विवाहेतर संबंधों और 'चीनी जासूसी' के आरोपों के बीच इस्तीफा देने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और टेक अरबपति अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम (Telegram) के सीईओ पावेल डुरोव (Pavel Durov) ने हुआंग के कथित जासूसी अफेयर पर सोशल मीडिया पर एक बेहद भद्दा और नस्लभेदी मजाक किया है, जिसके बाद इंटरनेट पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है।
क्या लिखा पावेल डुरोव ने?
जेनसन हुआंग की कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ नजदीकियों की जांच के बीच सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आई हुई है। इसी कड़ी में रूस में जन्मे टेलीग्राम के सीईओ पावेल डुरोव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर तंज कसते हुए लिखा कि जो सीईओ एशियाई महिलाओं में दिलचस्पी नहीं रखते, उन्हें खुफिया एजेंसियों की तरफ से डेटिंग के कम विकल्प मिलते हैं।
डुरोव यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे लिखा, 'फ्रांसीसी, रूसी और ईरानी 'हनीपॉट' (जासूस महिलाएं) कहां हैं? मेरी तरफ तो एक भी जासूस लड़की नहीं भेजी गई। क्या वे कोशिश भी कर रहे हैं? फ्रांस को तो माफ किया जा सकता है- वहां के फैसला लेने वालों को लड़कियों में दिलचस्पी नहीं है। बाकी सब लोग: थोड़ी और मेहनत करें!'
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
डुरोव के इस पोस्ट के सामने आते ही यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों ले लिया। लोगों ने उन पर विभिन्न देशों की महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करने (Objectifying Women) और राष्ट्रीय सुरक्षा व जासूसी जैसे गंभीर मुद्दे को बेहद हल्के में लेने का आरोप लगाया है।
एक यूजर ने डुरोव के पोस्ट को बेहद 'घटिया' (Cringe) बताते हुए लिखा कि ईरानी महिलाओं का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उन्हें मजाक में डेटिंग विकल्प के तौर पर पेश किया जाए।
एक अन्य यूजर ने रूस पर डुरोव के बयान पर तंज कसते हुए कहा, 'आप तो खुद रूसी सरकार के साथ मिलकर काम करते हैं, वे आपके पास हनीपॉट क्यों भेजेंगे?'

लोग कह रहे हैं- इन दिनों डेटिंग करना बेहद खराब हो गया है
वहीं, कई यूजर्स ने इसे सस्ते हास्य की एक असफल कोशिश बताया और कहा कि एक बेहद खूबसूरत गर्लफ्रेंड होने के बावजूद अरबपतियों की दुनिया बेकाबू हो चुकी है।
क्या है जेनसन हुआंग का पूरा विवाद?
गौरतलब है कि एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग ने अपनी सबऑर्डिनेट किम्बर्ली पॉवेल और चीनी एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग (जिन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है) के साथ विवाहेतर संबंधों के खुलासे के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का संदेह है कि एलिस चीन की खुफिया एजेंसी 'मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी' (MSS) के लिए काम करती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने हुआंग के साथ अपने निजी संबंधों का फायदा उठाकर एनवीडिया के उत्पादों और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की AI नीति से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाई थीं। फिलहाल, कंपनी ने सीएफओ कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है।
कई विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि कथित चीनी जासूस ने एनवीडिया (Nvidia) की भविष्य की उत्पाद रणनीति, व्यावसायिक फैसलों और तेजी से विकसित हो रहे AI बाजार के प्रति कंपनी के दृष्टिकोण के बारे में जानकारी जुटाई हो सकती है।
'न्यूयॉर्क पोस्ट' की एक रिपोर्ट में इस संभावना की ओर भी इशारा किया गया है कि एनवीडिया के CEO और ट्रंप के बीच हुई बातचीत के जरिए, एलिस ने AI और टेक्नोलॉजी नीति को लेकर राष्ट्रपति की सोच के बारे में जानकारी हासिल की हो सकती है।
