Delhi weather Forecast: राजधानी दिल्ली में सोमवार रात हुई बूंदाबांदी के बाद बुधवार सुबह मौसम हद तक साफ नजर आ रहा है। मंगलवार से ठंडी हवाओं के बीच आज भी ताजगी महसूस की जा रही है। मंगलवार को दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश बढ़ी और दोपहर होते ही लोगों को गर्मी का भी एहसास होने लगा। हालांकि, बुधवार यानी आज भी हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। क्योंकि, उत्तर प्रदेश के करीब 40 जिलों में मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। वहीं, ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी समेत एनसीआर के जिलों में भी देखने को मिल सकता है। वहीं, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बाद अब वहां से आ रही हवाओं के चलते 26 फरवरी तक तापमान 26 डिग्री से ऊपर पहुंचने की संभावना नहीं है।
बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार रात कई जगहों पर हल्की बारिश हुई और कुछ जगहों पर बौछारे भी पड़ी। इससे तापमान सामान्य से ज्यादा करीब 28.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। बुधवार को तापमान बढ़कर 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे आज सर्दी का एहसास कम हो रहा है। हालांकि, आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश से तापमान कम होने की आशंका है। वहीं, मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में 2.6 एमएम, पालम में 2.8, लोदी रोड में 2.2, रिज में 3.7, आया नगर में 3.2, गुरुग्राम में 1.5, फरीदाबाद में 0.5, जाफरपुर में 2, मंगेशपुर में 1, नरेला में 1.5, पीतमपुरा में 4.5, पूसा में 3, मयूर विहार में 2.5 और राजघाट में 5 एमएम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना बना रहा।वायु गुणवत्ता में नहीं हुआ सुधार
मौसम विभाग के मुताबिक, इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता देखने को मिल रही है। इसके प्रभाव से पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है। बुधवार को बादलों की आवाजाही के बीच हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। इसकी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 26 जबकि न्यूनतम 12 डिग्री रह सकता है। वहीं, तेज हवा और हल्की वर्षा के बाद भी दिल्ली की हवा से जहरीले कण पूरी तरह साफ नहीं हो पाए। सीपीसीबी के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 226 रहा। इस स्तर की हवा को 'खराब' श्रेणी में गिना जाता है। राजधानी के ज्यादातर इलाकों का एक्यूआई 200 से ऊपर ही रहा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
