Agra Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से ढाई साल के मासूम के अपहरण की खबर से मंगलवार की शाम को हड़कंप मच गया। मासूम को एक युवक घर के बाहर खेलते समय किडनैप करके कर ले गया। शाहगंज थाना इलाके से अगवा हुए बच्चे की तलाश में पुलिस जुट गई। पुलिस ने सबसे पहले इलाके में लगे सीसीटीवी चेक किए। इसके बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों बाद बुधवार देर रात को मासूम को मथुरा जिले के वृंदावन से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में बच्चे को अगवा करने वाले युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।
जानकारी के अनुसार आजमपाड़ा के सत्यम नगर के रहने वाले परचून कारोबारी जयप्रकाश मंगलवार दोपहर को अपनी मां कांता देवी, पत्नी मिथिलेश, ढाई साल के बेटे मयंक और चार वर्ष के निशांत के साथ ननिहाल दौरेठा आए थे।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा मासूम को ले जाते हुए युवक
मंगलवार की शाम को व्यापारी की मां कांता देवी घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान मयंक बाहर आकर खेलने लगा। खेलने के दौरान अचानक लापता हो गया। पीड़ित परिवार ने मासूम की काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखे तो उसमें एक युवक मयंक को ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में युवक बच्चे को साथ लेकर जाता दिखाई दे रहा था।बच्चे के रोने पर आरोपी ने दिलाई चॉकलेटपुलिस ने दौरेठा से पृथ्वीनाथ फाटक तक सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वहीं, एक जगह पर मयंक रोया तो युवक ने उसे दुकान से चॉकलेट दिलाई। फिर कुछ दूर पहुंचकर केला भी खाने के लिए दिया। इसके बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस की कई टीमों का गठन किया और मयंक की तलाश में लगाया। पुलिस ने आरोपी युवक का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसके बाद पुलिस की टीम ने बुधवार की देर रात मयंक को सकुशल वृंदावन से बरामद कर लिया।
