Aaj Ka Mausam Weather Today 17 September: देश में मानसून अब अपने अंतिम चरण में है, लेकिन जाते-जाते कई राज्यों में मौसम का मिजाज काफी बिगड़ने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 सितंबर तक देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। 17 सितंबर को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों सहित 13 राज्यों में बारिश और आंधी का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत का हाल
दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़: 16 से 20 सितंबर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 16 और 17 सितंबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी/घंटा (झोंके 60 किमी/घंटा) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी में 16 से 19 सितंबर और पूर्वी यूपी में 21 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 17 सितंबर को नोएडा (गौतमबुद्ध नगर), गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, वाराणसी, अयोध्या और प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं (70 किमी/घंटा) की चेतावनी दी गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33°C रहने की उम्मीद है।
पंजाब और राजस्थान: पंजाब में 16-17 सितंबर को बारिश और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी आ सकती है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 16 से 19 सितंबर के दौरान गरज-चमक और 50 किमी/घंटा की हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली में आज भी 'बस संकट', DTC बस हड़ताल का तीसरा दिन; DMRC चलाएगा मेट्रो के अतिरिक्त फेरे
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की चेतावनी
उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, चंबा और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और फिसलन बढ़ने का खतरा है, जिससे सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत
बिहार और झारखंड में 16 से 22 सितंबर तक बारिश के साथ बिजली चमकने और 60 किमी/घंटा तक की हवाएं चलने की संभावना है। बिहार में 17-18 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिम बंगाल और ओडिशा की बात करें तो गांगेय पश्चिम बंगाल में 17 से 22 सितंबर तक बारिश होगी। ओडिशा में 19 से 22 सितंबर के दौरान बारिश जोर पकड़ेगी, हालांकि 18-20 सितंबर के बीच भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के इलाकों में 16 से 20 सितंबर तक आंधी-तूफान का दौर रहेगा। छत्तीसगढ़ में 20 से 22 सितंबर के बीच भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16-17 सितंबर को बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
दक्षिण भारत और तटीय इलाके
कर्नाटक के तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 19 से 22 सितंबर के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और तेलंगाना में 16 से 20 सितंबर के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 19 से 22 सितंबर तक बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 16 से 22 सितंबर तक लगातार भारी बारिश और 60 किमी/घंटा की हवाओं का दौर रहेगा। 18 सितंबर को बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से बचाव के लिए लोगों को पेड़ों के नीचे शरण न लेने और तटीय एवं निचले इलाकों में सतर्क रहने की हिदायत दी है।
