दिवाली से पहले अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की है।शहर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ छापेमारी कर 61 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। इनमें ज्यादातर महिलाएं बताई जा रही हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से बांग्लादेशी पहचान दस्तावेजों के साथ भारत के कथित फर्जी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान शुरुआती तौर पर करीब 100 संदिग्धों को पकड़ा गया था। उनके दस्तावेजों की जांच के बाद 61 लोगों के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई। सभी को डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ डिपोर्टेशन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
महिलाएं स्पा में काम करती थीं, पुरुष करते थे मजदूरी
क्राइम ब्रांच के ACP एस. निनामा ने बताया कि अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में जांच और छापेमारी की। ACP के मुताबिक, हिरासत में ली गई ज्यादातर महिलाएं स्पा में काम करती थीं, जबकि पुरुष राजमिस्त्री और दिहाड़ी मजदूरी करते थे।ये लोग अहमदाबाद के दाणीलीमड़ा, नरोडा, नारोल, ओढव और वटवा इलाके की झुग्गी बस्तियों में रह रहे थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Bangladesh में विदेशी छात्रों के लिए क्या हैं वीजा नियम?
फर्जी भारतीय दस्तावेज भी मिले
क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई से पहले शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाली संदिग्ध महिलाओं की सूची तैयार की थी। इसके बाद एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की गई। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में ली गई महिलाओं के पास से भारत के कथित फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच के दौरान बांग्लादेशी पहचान दस्तावेज भी मिले हैं। सभी को हिरासत में लेकर डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।
डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू, आगे भी जारी रहेगा अभियान
ACP एस. निनामा ने बताया कि पकड़े गए लोगों के दस्तावेजों की जांच के बाद कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। क्राइम ब्रांच ने संकेत दिए हैं कि शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
