Delhi News: राजधानी दिल्ली में दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के चालकों की हड़ताल लगातार तीसरे दिन भी जारी रहने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है। सड़कों से बसें नदारद रहने के कारण जहां आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं यात्रियों के बढ़ते दबाव को संभालने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
DMRC चलाएगा अतिरिक्त ट्रेनें
बस सेवाएं ठप होने से मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए DMRC ने परिचालन में विशेष व्यवस्था की है। बुधवार को मेट्रो नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त ट्रिप संचालित किए गए। व्यस्त समय में भीड़ के दबाव को कम करने के लिए 8 अतिरिक्त ट्रेनें सेवा में उतारी गईं। DMRC ने स्पष्ट किया है कि आज, 17 सितंबर को भी यह विशेष व्यवस्था जारी रहेगी। सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच आवश्यकतानुसार आठ अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर निकलें।
क्यों हड़ताल पर हैं DTC की नई इलेक्ट्रिक बसों के चालक?
दिल्ली परिवहन निगम की नई इलेक्ट्रिक बसों के चालक कई मूलभूत मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। DTC कर्मचारी एकता यूनियन के अध्यक्ष ललित चौधरी ने चालकों की मांगों का पूर्ण समर्थन किया है।
चालकों की मुख्य मांगें हैं कि दैनिक वेतन में सम्मानजनक वृद्धि की जाए, चालकों को उचित मेडिकल सुविधाएं प्रदान की जाएं साथ ही अतिरिक्त समय तक काम करने पर समय पर ओवरटाइम का भुगतान हो। इसके अलावा चालकों का आरोप है कि बस में किसी भी प्रकार की टूट-फूट या नुकसान होने पर उन पर भारी जुर्माना लगाया जाता है, जिसे तुरंत हटाया जाए।
स्कूलों की बसें प्रभावित, परिवहन मंत्री ने की काम पर लौटने की अपील
हड़ताल का केवल दैनिक यात्रियों पर पड़ा है। कई अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई है कि हड़ताल के कारण स्कूल बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। फिलहाल दिल्ली की सड़कों पर करीब 6,500 DTC बसें संचालित होती हैं, जिनके रुकने से यातायात पूरी तरह चरमरा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने हड़ताली चालकों से काम पर लौटने की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार चालकों की सभी चिंताओं और मांगों को सुनने के लिए पूरी तरह तैयार है।
