शहर

Muzaffarpur Blast: सड़क की खुदाई के दौरान टूटी PNG पाइपलाइन, गैस रिसाव से एक की मौत, 6 घायल

बिहार के मुजफ्फरपुर में सड़क निर्माण के दौरान JCB मशीन से PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद धमाका हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। डीएम कुमार गौरव के मुताबिक, गैस रिसाव शुरू होने और धमाके के बीच करीब 25 से 30 मिनट का अंतर था। घटना की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।

Image

मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन से रिसाव की वजह से 1 व्यक्ति की मौत। ANI

Photo : ANI

बिहार के मुजफ्फरपुर में पीएनजी गैस पाइपलाइन में धमाके की घटना सामने आई है। शुरुआती जांच के मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान खुदाई कर रही जेसीबी मशीन से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद गैस रिसाव हुआ और विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट (RCD) की ओर से कराए जा रहे ड्रेनेज निर्माण कार्य के दौरान PNG पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। खुदाई के दौरान JCB मशीन से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई, जिससे गैस रिसाव शुरू हुआ और बाद में धमाका हो गया।

गैस रिसाव के 25-30 मिनट बाद हुआ धमाका

डीएम कुमार गौरव के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में गैस रिसाव शुरू होने और विस्फोट होने के बीच करीब 25 से 30 मिनट का अंतर सामने आया है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि गैस रिसाव की जानकारी मिलने के बाद समय रहते स्थिति को नियंत्रित क्यों नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि शुरुआती प्रतिक्रिया का समय पर्याप्त नहीं रहा और हालात पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की समीक्षा और विस्तृत जांच कराने का फैसला किया है।

एक की मौत, छह लोग घायल

डीएम ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चार घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। दो घायलों को SKMCH में भर्ती कराया गया है। उन्होंने आगे कहा कि SKMCH में भर्ती एक मरीज 80 प्रतिशत से अधिक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर है। दूसरे मरीज को करीब 20 प्रतिशत जलने की चोटें आई हैं, उसकी स्थिति स्थिर बताई गई है।

जांच के लिए बनाई गई कमेटी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जिला प्रशासन ने एक जांच कमेटी गठित की है। डीएम ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) भी तैयार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में अगर किसी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article