UP Weather Forecast Today in Hindi: उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज बिगने वाले हैं। आज यूपी के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने प्रयागराज, आगरा, मथुरा, मेरठ समेत आस-पास के इलाकों में ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रविवार से सोमवार के बीच ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा कई इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, वाराणसी, सीतापुर और आसपास के इलाकों में वज्रपात देखने को मिल सकता है।
बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पड़ रहा है। जिसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पूर्वी, पश्चिमी और बुंदेलखंड के ज्यादातर इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, वहीं कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। यूपी के कई इलाकों में सोमवार से मंगलवार के बीच ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है।
रविवार को आगरा समेत ब्रज में पहाड़ों की बर्फबारी का प्रभाव देखने को मिल सकता है। यहां पर ठंडी हवाएं चलने के आसार है। साथ ही पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछार भी पड़ सकती है। मौसम विभाग ने आगरा, मथुरा, प्रयागराज, इटावा, अमरोहा, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में रविवार और सोमवार के बीच ओले पड़ने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आगरा और अलीगढ़ में बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
