बिजनेस

Retail Inflation: कम हुई खुदरा महंगाई दर, पहुंची तीन महीने के निचले स्तर पर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 12, 2024, 07:05 PM IST

Retail Inflation: खुदरा महंगाई दर जनवरी में नरम होकर 5.1 प्रतिशत पर आ गई है। यह तीन महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई।

Image

महंगाई में आई गिरावट

Photo : BCCL

Retail Inflation: खाद्य वस्तुओं के दाम कम होने से खुदरा महंगाई दर जनवरी में नरम होकर 5.1 प्रतिशत पर आ गई है। यह इसका तीन महीने का निचला स्तर है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित मुद्रास्फीति दिसंबर, 2023 में 5.69 प्रतिशत और जनवरी, 2023 में 6.52 प्रतिशत थी। मुद्रास्फीति बीते वर्ष अगस्त में 6.83 प्रतिशत के उच्चस्तर पर पहुंच गयी थी।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के आंकड़ों के मुताबिक खाद्य वस्तुओं की वृद्धि दर इस साल जनवरी में 8.3 प्रतिशत रही जो इससे पिछले महीने के 9.53 प्रतिशत से कम है। भारतीय रिजर्व बैंक को खुदरा मुद्रास्फीति को दो प्रतिशत घट-बढ़ के साथ चार प्रतिशत पर रखने की जिम्मेदारी मिली हुई है।

उधर देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दिसंबर 2023 में सालाना आधार पर घटकर 3.8 प्रतिशत रही है। एक साल पहले समान महीने में औद्योगिक उत्पादन 5.1 प्रतिशत बढ़ा था। सरकार की तरफ से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर के महीने में औद्योगिक उत्पादन 3.8 प्रतिशत की दर से बढ़ा है। यह आंकड़ा औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के आधार पर जारी किया गया है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के आधिकारिक बयान से पता चलता है कि दिसंबर, 2023 में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन 3.9 प्रतिशत बढ़ा जो एक साल पहले की समान अवधि में 3.6 प्रतिशत था। दिसंबर, 2023 में खनन उत्पादन 5.1 प्रतिशत और बिजली उत्पादन 1.2 प्रतिशत की दर से बढ़ा। इस तरह चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों (अप्रैल-दिसंबर) में आईआईपी की कुल वृद्धि दर 6.1 प्रतिशत रही है जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 5.5 प्रतिशत रहा था। (भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article