नई दिल्ली। ज्यादातर लोग अपने खर्चों को पूरा करने के लिए कुछ नकदी हाथ में रखना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप यही पैसा बैंक में जमा करेंगे, तो आपको रखी गई राशि पर ब्याज भी मिलता है। सेविंग अकाउंट (Savings Account) पर बैंक जमा राशि पर ब्याज प्रदान करते हैं। प्राइवेट सेक्टर का आरबीएल बैंक (RBL Bank) सेविंग अकाउंट जमा पर उच्च ब्याज दर प्रदान करता है। बैंक ने सेविंग अकाउंट पर ब्याज दर को 6.25 फीसदी तक बढ़ा दिया है। नई दरें 5 सितंबर 2022 से लागू हो गई हैं।
कितनी है ब्याज दर?
आरबीएल बैंक ने 1 लाख रुपये तक की शेष राशि के लिए बचत खाते की ब्याज दर (Savings Account Interest Rate) को 4.25 फीसदी पर अपरिवर्तित रखा है और 1 लाख रुपये से 10 लाख रुपये तक की राश पर यह 5.50 फीसदी है। 10 लाख रुपये से 25 लाख रुपये तक की जमा राशि पर 6 फीसदी ब्याज मिलेगा, वहीं 25 लाख रुपये से अधिक और 1 करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर 6.25 फीसदी की नई ब्याज दर अर्जित होगी, जो पहले 6 फीसदी थी।
1 करोड़ रुपये से ऊपर की राशि पर होगा इतना फायदा
1 करोड़ रुपये से 5 करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर ब्याज पहले 6 फीसदी से बढ़ाकर 6.25 फीसदी कर दी गई है। बैंक ने 5 करोड़ रुपये से 7.5 करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर ब्याज भी 5.75 फीसदी से बढ़ाकर 6.25 फीसदी कर दिया है। 10 करोड़ रुपये से लेकर 50 करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर नई दर 6.10 फीसदी होगी।
ग्राहकों को कब मिलेगा ब्याज
ब्याज की गणना और अकाउंट में दिन के अंत की शेष राशि के आधार पर ब्याज अर्जित किया जाएगा। आरबीएल बैंक ने अपनी वेबसाइट पर कहा, 'प्रत्येक वर्ष 30 जून, 30 सितंबर, 31 दिसंबर और 31 मार्च को तिमाही आधार पर ग्राहक के अकाउंट में ब्याज का भुगतान किया जाएगा।'
