बिजनेस

अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर बुरी खबर! मूडीज ने कम किया भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 11, 2022, 06:05 PM IST

मूडीज के मुताबिक अमेरिकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपये में गिरावट और तेल की कीमत में तेजी से महंगाई पर दबाव बना हुआ है।

Image

मूडीज ने कम किया भारत की आर्थिक वृद्धि का अनुमान

Photo : BCCL

नई दिल्ली। दुनियाभर में बढ़ती महंगाई और मंदी की आशंकाओं के बीच देशों की आर्थिक वृद्धि दर पर काफी चर्चा हो रही है। चालू वित्त वर्ष (FY 2022-23) की पहली तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था में 13.5 फीसदी की दर से वृद्धि हुई थी। अब आगे की तिमाहियों के लिए तरह- तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं। साख निर्धारण, जोखिम विश्लेषण समेत अन्य वित्तीय सेवाएं देने वाली कंपनी मूडीज (Moody's) ने भी अनुमान व्यक्त किया है।

मूडीज ने घटाया आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान

मूडीज ने वर्ष 2022 के लिये भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर सात प्रतिशत कर दिया है। उसने कहा कि वैश्विक नरमी और घरेलू स्तर पर उच्च ब्याज दर आर्थिक गति को प्रभावित करेगी। यह दूसरी बार है जब मूडीज इन्वेस्टर सर्विसेज ने 2022 के लिये भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर के अनुमान को कम किया है। इससे पहले, सितंबर में उसने आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 7.7 प्रतिशत कर दिया था। जबकि मई में इसके 8.8 प्रतिशत रहने की संभावना जतायी गयी थी।

इन कारणों से कम हो सकती है वृद्धि

वैश्विक वृहत आर्थिक परिदृश्य 2023-24 में कहा गया है, 'भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर अनुमान को 7.7 प्रतिशत से घटाकर सात प्रतिशत किया गया है। उच्च मुद्रास्फीति, अधिक ब्याज दर और वैश्विक वृद्धि दर में नरमी को देखते हुए जीडीपी वृद्धि दर अनुमान को कम किया गया है। इन कारणों से आर्थिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।'

2024 के लिए ये जताया अनुमान

मूडीज का अनुमान है कि वृद्धि दर 2023 में घटकर 4.8 प्रतिशत और 2024 में बढ़कर 6.4 प्रतिशत रहेगी। रेटिंग एजेंसी के अनुसार, भारत की जीडीपी वृद्धि दर वर्ष 2021 में 8.5 प्रतिशत रही। आधिकारिक जीडीपी अनुमान के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-जून के दौरान आर्थिक वृद्धि दर 13.5 प्रतिशत रही। यह जनवरी-मार्च तिमाही के 4.10 प्रतिशत के मुकाबले अधिक है। जुलाई-सितंबर तिमाही का जीडीपी का आंकड़ा इस महीने के आखिर में जारी किया जाएगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article