Gold and Silver Rate Today, 27 September 2022: अमेरिकी डॉलर में उतार- चढ़ाव के बीच मंगलवार को सोने की कीमत में मामूली तेजी आई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने की वायदा कीमत 0.14 फीसदी या 70 रुपये की मामूली तेजी के साथ 49,220 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। चांदी की बात करें, तो चांदी का वायदा भाव सिर्फ 0.09 फीसदी या 51 रुपये की तेजी के साथ 55,403 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा है।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, हाजिर बाजार में सोमवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 49,590 रुपये प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी 55,374 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी। मार्च में 2,000 डॉलर के प्रमुख स्तर से ऊपर उठने के बाद से सोने की कीमत में 20 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। पिछले हफ्ते शीर्ष उपभोक्ता चीन में सोने का प्रीमियम चढ़ गया।
डॉलर के मुकाबले बढ़ा रुपया
अमेरिकी की करेंसी में कमजोरी की वजह से मंगलवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया 37 पैसे बढ़कर 81.30 के स्तर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 81.45 के स्तर पर खुला था और 81.30 पर पहुंच गया। इससे पहले सोमवार को डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा 58 पैसे टूटकर 81.67 के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुई थी। विशेषज्ञों की मानें, तो इस हफ्ते भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक समिति की बैठक के नतीजों का सभी को इंतजार है। केंद्रीय बैंक की बैठक के नतीजों की घोषणा शुक्रवार को होगी। डॉलर इंडेक्स 0.36 फीसदी गिरकर 113.69 पर आ गया।
पिछले दो हफ्तों में सोने की हाजिर कीमत लगभग 1,300 रुपये प्रति 10 ग्राम गिर गई है। समीक्षाधीन अवधि में चांदी लगभग 1,900 रुपये प्रति किलोग्राम गिर गई है। रॉयटर्स के मुताबिक सोमवार को अप्रैल 2020 के बाद के सबसे निचले स्तर 1,620.20 डॉलर पर पहुंचने के बाद हाजिर सोना 0.6 फीसदी बढ़कर 1,631.39 डॉलर प्रति औंस हो गया। अमेरिकी सोना वायदा 0.3 फीसदी बढ़कर 1,638.70 डॉलर पर पहुंच गया।
