बिजनेस

तेल संकट के दौर में आत्मनिर्भर भारत की ओर बड़ा कदम, 21 अप्रैल को चालू होगी पचपदरा रिफाइनरी

वैश्विक तेल संकट के बीच भारत आत्मनिर्भर की तरफ कदम बढ़ा रहा है। 21 अप्रैल को राजस्थान के पचपदरा में 9 MMTPA क्षमता की एक नई रिफाइनरी का उद्धाटन होने जा रहा है। जानिए कैसे यह गेम चेंजर होगी?

Image

राजस्थान के पचपदरा में खुलेगी रिफाइनरी

Pachpadra Refinery : पश्चिम एशिया में तेल संकट, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों उथल-पुथल ने भारत जैसे आयात निर्भर देश के लिए ऊर्जा सुरक्षा को सबसे बड़ा मुद्दा बना दिया है। ऐसे समय में राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी का 21 अप्रैल को उद्घाटन केवल एक औद्योगिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक रणनीतिक कदम बनकर सामने आ रहा है।

तेल संकट ने बढ़ाई आत्मनिर्भरता की जरूरत

हाल के वैश्विक ऊर्जा संकट में ब्रेंट क्रूड $110 से ऊपर तक पहुंचा और बाजारों में भारी अस्थिरता देखने को मिली। US-Iran War और Hormuz से जुड़ी बाधाओं ने सप्लाई को झटका दिया है, जबकि भारत सरकार ने यह भी कहा है कि देश ने कच्चे तेल की खरीद 40 देशों तक फैलाकर जोखिम घटाया है और करीब 70 प्रतिशत आयात अब होर्मुज से बाहर के रास्तों से आ रहा है। यही वजह है कि घरेलू रिफाइनिंग क्षमता अब सिर्फ उद्योग का नहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा का सवाल बन गई है।

पचपदरा रिफाइनरी क्यों अहम

पचपदरा में स्थित इस रिफाइनरी का आधिकारिक नाम HPCL Rajasthan Refinery यानी HRRL Refinery है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक पचपदरा में 9 MMTPA की ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल परियोजना तैयार की गई है, जिसमें 2.4 MMTPA पेट्रोकेमिकल उत्पादों की क्षमता शामिल है। यह HPCL और राजस्थान सरकार का संयुक्त उद्यम है, जिसमें हिस्सेदारी क्रमशः 74 प्रतिशत और 26 प्रतिशत है। परियोजना BS-VI पेट्रोल, डीजल और हाई-वैल्यू पेट्रोकेमिकल उत्पाद देने के लिए डिजाइन की गई है।

आत्मनिर्भर भारत के एंगल से बड़ी तस्वीर

तेल संकट के दौर में ऐसी रिफाइनरी का मतलब सिर्फ ईंधन उत्पादन नहीं, बल्कि आयात बिल पर दबाव कम करने, घरेलू वैल्यू-एडेड उत्पादन बढ़ाने और पेट्रोकेमिकल आधारित उद्योगों को ताकत देने से है। जब वैश्विक सप्लाई चेन अस्थिर हो, तब देश के भीतर रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल क्षमता बढ़ाना आत्मनिर्भरता का सबसे ठोस मॉडल बनता है। पचपदरा इसी मॉडल का बड़ा उदाहरण है।

मारवाड़ के लिए आर्थिक संजीवनी

करीब 4,400 एकड़ में फैली यह परियोजना बालोतरा और मारवाड़ क्षेत्र के लिए औद्योगिक इकोसिस्टम का आधार बन सकती है। निर्माण, लॉजिस्टिक्स, स्टोरेज, ट्रांसपोर्ट, सर्विस सेक्टर और डाउनस्ट्रीम इंडस्ट्रीज में नए अवसर बनेंगे। यही कारण है कि इसे राजस्थान के आर्थिक पुनर्जागरण और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने वाली परियोजना कहा जा रहा है।

पैरामीटरडिटेल
परियोजना का नामHPCL Rajasthan Refinery Ltd. (HRRL)
लोकेशनपचपदरा, बालोतरा, राजस्थान
उद्घाटन तिथि21 अप्रैल 2026 (निर्धारित)
कुल क्षमता9 MMTPA (मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष)
पेट्रोकेमिकल क्षमता~2.4 MMTPA
कुल क्षेत्रफल~4,400 एकड़
निवेश (अनुमानित)~₹72,000+ करोड़
प्रमोटर हिस्सेदारीHPCL – 74%, राजस्थान सरकार – 26%
रिफाइनरी प्रकारग्रीनफील्ड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स
क्रूड प्रोसेसिंगआयातित क्रूड + राजस्थान का घरेलू क्रूड
प्रमुख उत्पादBS-VI पेट्रोल, डीजल, LPG, पेट्रोकेमिकल्स (पॉलीप्रोपाइलीन आदि)
टेक्नोलॉजीएडवांस्ड BS-VI compliant प्रोसेसिंग
रोजगार प्रभावहजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार
रणनीतिक महत्वऊर्जा आत्मनिर्भरता, आयात निर्भरता में कमी
क्षेत्रीय प्रभावमारवाड़ और पश्चिमी राजस्थान का औद्योगिक विकास
HPCL Rajasthan Refinery की 9 MMTPA क्षमता वाली यह परियोजना भारत की रिफाइनिंग ताकत को न सिर्फ बढ़ाएगी, बल्कि पेट्रोल, डीजल और पेट्रोकेमिकल उत्पादन के जरिये आयात निर्भरता कम करने की दिशा में भी मदद करेगी। सरकार के हालिया बयान के अनुसार, भारत ने कच्चे तेल की खरीद 40 देशों तक फैलाकर आपूर्ति जोखिम कम किया है, लेकिन घरेलू क्षमता विस्तार ही दीर्घकालिक समाधान है।

मारवाड़ की धरती पर तैयार यह रिफाइनरी अब आत्मनिर्भर भारत की ऊर्जा कहानी का नया अध्याय बन सकती है। संकट के समय आयात पर निर्भरता घटाना और घरेलू वैल्यू चेन को मजबूत करना ही इसकी सबसे बड़ी राजनीतिक और आर्थिक प्रासंगिकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article