शहर

UP News: STF के एनकाउंटर में एक लाख का ईनामी बदमाश आसिफ ढेर, कई राज्यों में मामले दर्ज

UP STF और एक लाख के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की के बीच अंबेडकरनगर जिले में मुठभेड़ हुई। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

Image

STF की नोएडा यूनिट ने 1 लाख के ईनामी बदमाश का किया एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की नोएडा यूनिट ने कल यानी आज यानी 7 जुलाई की सुबह अंबेडकरनगर जिले के बिवाना थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की को मार गिराया। एसटीएफ के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए आसिफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एसटीएफ ने मृतक की पहचान कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के मकनपुर निवासी आसिफ उर्फ विक्की छैमार पुत्र बाबू उर्फ मजहर के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश के कई चर्चित डकैती और हत्या के मामलों में वांछित था तथा उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

भारी मात्रा में कारतूस बरामद

मौके से STF ने 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर डकैती करता था और विरोध करने पर हत्या तक कर देता था।

आसिफ पर कई राज्यों में 21 से ज्यादा मामले दर्ज थे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आसिफ पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के 21 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। वह साल 2014 के जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज डकैती और डबल मर्डर मामले में भी वांछित था। इस वारदात में बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर लाखों रुपये की लूट की थी और धारदार हथियार से हमला कर पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिनमें स्वाति और सुमन की बाद में मृत्यु हो गई थी।

इन मामलों के लिए था वांछित

इसके अलावा वह साल 2013 के सुल्तानपुर डकैती एवं हत्या मामले, साल 2015 के कौशांबी में डकैती के दौरान दंपती की हत्या और मुजफ्फरनगर में एक ही रात कई घरों में डकैती की घटनाओं में भी वांछित था। साल 2021 में कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

एसटीएफ का कहना है कि आरोपी की आपराधिक गतिविधियों और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस बरामद हथियारों और उसके गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में भी आगे की कार्रवाई कर रही है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article