देश

चढ़ावा चोरी मामले में एक्शन: गोपाल राव समेत 10 लोगों से पूछताछ, हिरासत में लवकुश के पिता, ट्रस्ट के 5 साल की होगी ऑडिट

पुलिस ने लवकुश के पिता बच्चूलाल मिश्र को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान पता चला कि लवकुश की पत्नी सुप्रिया के बैंक खाते में सालाना 24 लाख रुपये के लेन-देन हो रहे थे। पुलिस अब इस बात की तह तक पहुंच रही है कि गृहिणी सुप्रिया के पास इतनी बड़ी राशि कहां से आई।

Image

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT का एक्शन।

Photo : ANI

Ram Temple Donation Row: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव सहित 10 लोगों से से पूछताछ की गई है। पुलिस ने आरोपी लवकुश के पिता बच्चूलाल मिश्र को भी हिरासत में लिया है। पुलिस ने तीन गिरफ्तार आरोपियों के पैतृक घरों पर छापेमारी कर एक बक्सा और महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए हैं। चंदा चोरी मामले में अपनी जांच आगे बढ़ाते हुए एसआईटी ने गिरफ्तार आरोपियों लवकुश, अनुकल्प और करुणेश के मिल्कीपुर, खंडासा और रुदौली स्थित पैतृक गांवों में छापेमारी की। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT अब ट्रस्ट के पांच साल के ऑडिट का ऑडिट करेगी।

हिरासत में लवकुश के पिता

पुलिस ने लवकुश के पिता बच्चूलाल मिश्र को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान पता चला कि लवकुश की पत्नी सुप्रिया के बैंक खाते में सालाना 24 लाख रुपये के लेन-देन हो रहे थे। पुलिस अब इस बात की तह तक पहुंच रही है कि गृहिणी सुप्रिया के पास इतनी बड़ी राशि कहां से आई।

राम मंदिर में हुए निर्माण कार्यों की भी जांच होगी

शुरुआती जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियों की आशंका को देखते हुए हर वित्तीय लेनदेन की बारीकी से तफ्तीश की जाएगी। जांच के दौरान एसआईटी को कुछ अहम साक्ष्य भी मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि जांच की जद में ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारी भी आ सकते हैं। यही नहीं बीते समय में राम मंदिर में हुए निर्माण कार्यों की भी जांच होगी। एसआईटी अब 15 जुलाई को रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। एसआईटी ने प्रारंभिक जांच में आपराधिक पहलू की जांच की है और इसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

अयोध्या में लगातार बने हुए हैं SIT के अधिकारी

सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी से जुड़े अधिकारी लगातार अयोध्या में हैं और साक्ष्य जुटा रहे हैं। शुरुआती जांच में बड़े पैमाने पर मिली खामियों को देखते हुए एसआईटी ने पिछले पांच साल में मंदिर ट्रस्ट की ओर से कराए गए ऑडिट की जांच का निर्णय लिया है।

योग केंद्र से बरामद हुआ 'रामराज्य कोष’ लिखा बक्सा

राम मंदिर वित्तीय अनियमितता मामले में एक आरोपी के ठिकाने से पुलिस ने एक बक्सा बरामद किया है, जिसपर 'रामराज्य कोष’ लिखा है और क्यू.आर. कोड चिपका हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने अयोध्या के एक योग केंद्र से यह बक्सा बरामद किया है, जहां आरोपी अविनाश शुक्ला पिछले 10 साल से रह रहा था। केंद्र में तैनात योग प्रशिक्षक सुंदर लाल ने बताया कि पुलिस ने पांच जून को छापेमारी करके सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी। उन्होंने बताया कि इसका वीडियो अब वायरल हुआ है। लाल ने कहा, 'पुलिस अविनाश को साथ लेकर आई थी और हमें उस जगह से बाहर निकाल दिया जहां वह रह रहा था। पुलिस के जाने के बाद हमें पता चला कि अविनाश के पास से पांच लाख रुपये बरामद हुए हैं।’

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article