ऑटो न्यूज़

E22, E25, E27, E30 और E85 फ्यूल क्या है, जानें क्या आपकी कार और बाइक इसके लिए तैयार है?

एथेनॉल के इस्तेमाल को और बढ़ावा देने के लिए, सरकार ने E85 ईंधन पेश किया है, जिसमें 85% इथेनॉल होता है। E20 से 20 रुपये सस्ता होने के कारण, E85 शुरू में चुनिंदा पेट्रोल स्टेशनों पर उपलब्ध होगा।

Image

सरकार एथेनाल मिश्रित फ्यूल को तेजी से बढ़ावा दे रही है।(फोटो क्रेडिट-iStock)

ऑटोमोबाइल सेक्टर में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी दिशा में अब भारत फ्यूल की डिपेंडेंसी को कम करने की लगातार तैयारी कर रहा है। पेट्रोल-डीजल में निर्भरता कम करने के लिए भारत तेजी से एथेनाल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा दे रहा है। अब भारत सरकार की तरफ इसको लेकर एक बड़ा ऐलान किया गया है। सरकार ने इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल के कई प्रकारों जैसे E22, E25, E27 और E30 - पर एक्साइज ड्यूटी हटाने की घोषणा की है। इस पहल का मकसद पेट्रोल और डीज़ल की बढ़ती कीमतों के बीच इन ईंधनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। ग्लोबल क्रूड ऑयल मार्केट में उतार-चढ़ाव के कारण इनकी कीमतें ₹7.5 प्रति लीटर तक बढ़ गई हैं।

एक्साइज ड्यूटी में छूट की जानकारी

नए नियमों के तहत, 22%, 25%, 27% और 30% एथेनॉल वाले पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी शून्य कर दी जाएगी। यह कदम पेट्रोल और डीजल पर पहले की गई 10 रुपये प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी कटौती के बाद उठाया गया है, जिसका मकसद ग्राहकों पर आर्थिक बोझ कम करना था। ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स ने इन मिश्रणों के लिए मानक तय किए हैं, हालांकि ये अभी रिटेल बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

मौजूदा उपलब्धता और नियम-पालन

फिलहाल, E20 पूरे भारत में फ्यूल स्टेशनों पर सबसे ज्यादा उपलब्ध इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल है। सरकार का नियम है कि अप्रैल 2023 से बेचे जाने वाले सभी नए वाहन E20 मानकों के अनुरूप होने चाहिए। हालांकि, हालिया एनॉलिसिस से पता चला है कि 2025 में रजिस्टर्ड पेट्रोल वाहनों में से 30% से भी कम वाहन E20 के अनुरूप हैं, जिससे फ्यूल की क्षमता और वाहन के परफॉर्मेंस को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

20 मई को, सरकार ने E22, E25, E27 और E30 फ्यूल ब्लेंड्स के लिए नियम नोटिफाई किए। ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) ने अपनी नोटिफिकेशन में "पॉजिटिव इग्निशन इंजन वाले वाहनों" में इस्तेमाल के लिए पेट्रोल और एनहाइड्रस एथेनॉल के मिश्रण से बने फ्यूल ब्लेंड के लिए नियम तय किए हैं। यह ध्यान रखना जरूरी है कि मंत्रालय ने E22-E30 ब्लेंड के बारे में जानकारी तो दी है, लेकिन अभी तक उन्हें रिटेल बिक्री के लिए लॉन्च नहीं किया है। आपको बता दें कि E25, E27 और E30 फ्यूल में क्रमशः 25%, 27% और 30% इथेनॉल होता है।

E85 ईंधन की शुरुआत

एथेनॉल के इस्तेमाल को और बढ़ावा देने के लिए, सरकार ने E85 ईंधन पेश किया है, जिसमें 85% इथेनॉल होता है। E20 से 20 रुपये सस्ता होने के कारण, E85 शुरू में चुनिंदा पेट्रोल स्टेशनों पर उपलब्ध होगा। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इस कदम का मकसद इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम को मजबूत करना है, ताकि आयातित क्रूड ऑयल पर निर्भरता कम हो और स्थानीय खेती को समर्थन मिले।

आगे की राह

सरकार ज्यादा इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधनों की ओर बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है और इसे ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण की स्थिरता को बेहतर बनाने की एक अहम रणनीति मानती है। हालांकि मिश्रित ईंधनों का वाहन के माइलेज पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल को बढ़ाने से आखिरकार ग्राहकों और अर्थव्यवस्था को फायदा होगा।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारी author

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से ... और देखें

End of Article