ऑटो न्यूज़

2027 की पहली छमाही तक लॉन्च होंगी 5 नई Electric SUV, Tata से लेकर Hyundai तक की गाड़िया शामिल

अगले साल 2027 की पहली छमाही तक कई कार मेकर कंपनियां अपने ग्राहकों के लिए नई इलेक्ट्रिक एसयूवी लाने जा रही हैं। इनमें टाटा से लेकर Hyundai तक का नाम शामिल है।

Image

अगले महीने पेश होने जा रही हैं ये इलेक्ट्रिक एसयूवी

भारत में इलेक्ट्रिक कारों (EV) की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए मारुति सुजुकी, हुंडई, किआ, टाटा मोटर्स, महिंद्रा और होंडा जैसी कंपनियां इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही हैं। 2027 में कई कंपनियां अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी लाने जा रही हैं। आइए जानते हैं अगले साल की पहली छमाही तक कौन-सी इलेक्ट्रिक एसयूवी एंट्री लेने जा रही हैं-

Hyundai Ioniq P

हुंडई मार्च 2027 तक एक नई कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने की तैयारी में है। फिलहाल इसे HE1i कोडनेम दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इसका नाम Hyundai Ioniq P हो सकता है। यह SUV भारतीय बाजार में Tata Punch EV को टक्कर देगी। इसे स्टैंडर्ड रेंज और लॉन्ग रेंज के दो वेरिएंट में पेश किए जाने की उम्मीद है। इसमें E-GMP (K) प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल हो सकता है।

Honda Alpha 0

होंडा की नई इलेक्ट्रिक SUV Alpha 0 का प्रोडक्शन-रेडी मॉडल 2 दिसंबर 2026 को पेश किया जाएगा। कंपनी इसमें 65kWh से 75kWh तक के दो LFP बैटरी पैक दे सकती है। इसमें सिंगल मोटर और फ्रंट व्हील ड्राइव (FWD) सिस्टम मिलने की संभावना है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Mahindra BE 6, Tata Sierra EV और Hyundai Creta Electric जैसी गाड़ियों से होगा।

Mahindra Vision S

महिंद्रा दिसंबर 2026 में एक नई इलेक्ट्रिक SUV पेश कर सकती है। माना जा रहा है कि यह Vision S कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन मॉडल होगा। बॉक्सी डिजाइन और दमदार लुक वाली इस SUV को स्कॉर्पियो फैमिली में शामिल किया जा सकता है। यह कंपनी के नए NU_IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित पहली प्रोडक्शन कार हो सकती है।

Tata Safari EV

टाटा सफारी इलेक्ट्रिक की लॉन्चिंग अब जनवरी 2027 में होने की उम्मीद है। यह Active.ev+ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। इसमें Harrier EV की तरह 65kWh और 75kWh बैटरी पैक मिल सकते हैं। इसके अलावा 80kWh बैटरी का विकल्प भी दिया जा सकता है। बाजार में इसका मुकाबला Mahindra XEV 9S और MG Hector Tomahawk EV से होगा।

Tata Avinya EV

टाटा मोटर्स की प्रीमियम Avinya रेंज की पहली इलेक्ट्रिक SUV अगले साल की शुरुआत में आ सकती है। यह Avinya X कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन वर्जन होगी। इसमें डुअल मोटर सेटअप मिलने की संभावना है। वहीं, इसकी संभावित ड्राइविंग रेंज 500 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है। यह Cherry-JLR के Freelander प्लेटफॉर्म के डेरिवेटिव पर तैयार की जाएगी।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article