क्रिकेट

WI vs BAN Highlights: ब्रैंडन किंग की अर्धशतकीय पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को हराया

वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को हराकर 2 मैच की टेस्ट सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस जीत के हीरो रहे ब्रैंडन किंग जिन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली। बांग्लादेश की दूसरी पारी 142 रन पर सिमट गई थी।

Image

वेस्टइंडीज बनाम बांग्लादेश (साभार-X)

सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग के नाबाद 81 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने शनिवार को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में बांग्लादेश को आठ विकेट से शिकस्त देकर दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। बांग्लादेश की दूसरी पारी 142 रन पर सिमट गई जिससे वेस्टइंडीज को जीत के लिए 170 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने दो विकेट गंवाकर हासिल कर ली। कैरेबियाई स्पिनरों के सामने बांग्लादेश के बल्लेबाज टिक नहीं सके और उसने अपने आखिरी नौ विकेट गंवाकर केवल 169 रन की बढ़त हासिल की। कप्तान रोस्टन चेज ने अपनी चतुराई भरी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 36 रन देकर पांच विकेट झटके। पहली पारी में 53 रन देकर पांच विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन ने दूसरी पारी में भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 63 रन देकर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

चौथे दिन खराब होती पिच पर खराब रोशनी, बारिश और बिजली चमकने के कारण खेल कई बार बाधित हुआ। इसके बावजूद वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल और किंग ने स्पिनरों के खिलाफ रक्षात्मक रवैया अपनाने के बजाय आक्रामक बल्लेबाजी की। दोनों ने स्वीप शॉट का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए तेजी से रन बनाए और पहले विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी कर मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। किंग ने 68 गेंदों में अपना छठा टेस्ट अर्धशतक पूरा किया।

तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने शानदार इनस्विंग गेंद पर कैंपबेल को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। कैंपबेल ने पहली पारी में 54 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में वह 49 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तेज गेंदबाज हसन महमूद ने तगेनरीन चंद्रपॉल को एक रन पर आउट कर बांग्लादेश की जीत की उम्मीदें जगाईं। केवम हॉज और किंग ने तीसरे विकेट के लिए 58 गेंदों में 50 रन की अटूट साझेदारी कर वेस्टइंडीज को जीत दिला दी। हॉज 31 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि किंग ने 115 गेंदों की अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया।

इससे पहले दिन की शुरुआत छह विकेट पर 79 रन से करने वाले बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में 63 रन और जोड़े। नईम हसन ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर सबसे ज्यादा 52 रन का योगदान दिया। इससे पहले बांग्लादेश की पहली पारी 272 रन पर सिमट गई थी, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 245 रन बनाए थे। श्रृंखला का दूसरा और अंतिम टेस्ट अगले सप्ताह सिलहट में खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article