बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। चक्रवाती तूफान 'अर्नब' की तबाही के बाद अब एक और संभावित तूफान आंध्र प्रदेश और ओडिशा की चिंता बढ़ा सकता है। महज एक हफ्ते के भीतर पूर्वी तट के इन राज्यों को दूसरे चक्रवाती तूफान का सामना करना पड़ सकता है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया अगले 6 घंटों में डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। इसके बाद अगले 24 घंटों के भीतर इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
2 नवंबर की शाम आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंच सकता है सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके 2 नवंबर 2026 की शाम तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि चक्रवाती तूफान अर्नब ने हाल ही में आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। तूफान के चलते कई लोगों की जान गई और संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा। अभी प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्वास का काम जारी है। ऐसे में एक और संभावित चक्रवात की खबर ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
पूर्वी तट के लिए बन रहे चुनौती
बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे मौसम के सिस्टम पूर्वी तट के लिए चुनौती बन रहे हैं। हालांकि, नए सिस्टम के चक्रवाती तूफान में बदलने और इसके आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने की आशंका जताई गई है, लेकिन अभी इसके संभावित लैंडफॉल, तीव्रता और नुकसान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। फिलहाल सभी की नजरें मौसम विभाग के अगले अपडेट पर टिकी हैं। आने वाले 24 से 48 घंटे इस सिस्टम की दिशा और ताकत के लिहाज से बेहद अहम होंगे।
