साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा इंटरनेशनल क्रिकेट में 600 विकेट लेने वाले अपने देश के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट के दौरान हासिल की। अब रबाडा के नाम 260 इंटरनेशनल मैचों में 601 विकेट हो गए हैं। इस ग्रुप में दिग्गज शॉन पोलॉक 823 विकेट के साथ टॉप पर हैं। डेल स्टेन 697 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं, जबकि मखाया एंटिनी के 661 और एलन डोनाल्ड के 602 इंटरनेशनल विकेट हैं। रबाडा ने तीसरे टेस्ट के 5वें दिन ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रैविस हेड को 14 रन पर आउट करके सबसे लंबे फॉर्मेट में 350 विकेट का माइलस्टोन भी हासिल किया।
तीसरे सबसे तेज 350 विकेट
रबाडा मैचों के हिसाब से 350 टेस्ट विकेट तक पहुंचने वाले तीसरे सबसे तेज पेसर बन गए, उन्होंने यह उपलब्धि 75 टेस्ट मैचों में हासिल की। वह मैलकम मार्शल के साथ इस स्थान पर हैं, जबकि रिचर्ड हैडली और डेल स्टेन इस लिस्ट में सबसे आगे हैं, जिन्होंने 69-69 टेस्ट मैचों में यह मुकाम हासिल किया है। डेनिस लिली इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 70 टेस्ट मैचों में 350 विकेट लिए थे, उनके बाद ग्लेन मैकग्राथ हैं, जिन्होंने 74 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
हालांकि, साउथ अफ्रीका के पेसर सबसे तेज़ 350 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज़ों की लिस्ट में सबसे आगे हैं। रबाडा ने केवल 13,808 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की, जबकि डेल स्टेन ने 14,719 गेंदें लगी थी। वकार यूनिस 14,905 गेंदों के साथ तीसरे नंबर पर हैं, उनके बाद मैलकम मार्शल (16,285) और मिचेल स्टार्क (16,908) हैं।
