इस SUV की दीवानगी कम होने का नाम नहीं ले रही, आज बुक करेंगे तो दो साल बाद मिलेगी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 13, 2022, 11:04 PM IST

Mahindra XUV700 की डिमांड में भारी इजाफा लगातार हो रहा है और कंपनी की इस SUV की बुकिंग आज करने पर आपको 2 साल बाद SUV मिलेगी. महिंद्रा को हर महीने इस SUV के लिए करीब 9,800 बुकिंग मिल रही है.

इस SUV की दीवानगी कम होने का नाम नहीं ले रही, आज बुक करेंगे तो दो साल बाद मिलेगी

Mahindra XUV700 Waiting Period: महिंद्रा की XUV700 को लॉन्च हुए अब काफी समय बीत चुका है, लेकिन इस SUV की दीवानगी थमने का नाम नहीं ले रही. सेमीकंडक्टर चिप की तंगी से जहां महिंद्रा मांग के हिसाब से सप्लाई करने में पिछड़ी हुई है, वहीं लंबी वेटिंग की जानकारी होने के बावजूद इस SUV के लिए हर महीने औसत करीब 10,000 बुकिंग्स मिल रही हैं. जून में ही कंपनी ने 6,022 XUV700 बेची हैं. ताजा रिपोर्ट में सामने आया है कि नई महिंद्रा XUV700 की आज बुकिंग करने पर आपको वेटिंग करीब दो साल की मिलेगी, यानी इसकी डिलीवरी आपको 2024 तक मिलेगी, हालांकि ये SUV के वेरिएंट और शहर या राज्य पर निर्भर करता है. 

आप भी कर रहे हैं इंतजार तो ये जान लें 

अगर आप भी इस SUV को खरीदने वाले हैं तो अभी बुकिंग करने पर XUV700 आपको करीब दो साल बाद मिलेगी. जी हां... भारी डिमांड और कई और कारणों से कंपनी इस SUV पर ग्राहकों को 22 महीनों की वेटिंग दे रही है. इस SUV के 70,000 ग्राहक अब भी डिलीवरी का इंतजार कर रहे हैं. ग्लोबल एनकैप के क्रैश टेस्ट में अब भारतीय कारें बेहतर परफॉर्म कर रही हैं और तगड़ी सेफ्टी रेटिंग हासिल करने लगी हैं. इनमें से एक SUV है महिंद्रा XUV700 और ये भारी डिमांड की एक पुख्ता वजह है. 

किन कारों को मिलता है ये अवॉर्ड? 

सेफर कार्स फॉर इंडिया कैंपेन के तहत ग्लोबल एनकैप द्वारा किए गए क्रैश टेस्ट में पहले ही महिंद्रा XUV700 सेफ्टी में पूरे 5-स्टार रेटिंग हासिल कर चुकी है. अब इस SUV को सेफर चॉइस अवॉर्ड से नवाजा गया है. ये अवॉर्ड उन कारों को दिया जाता है जो सेफ्टी के पैमानों पर सबसे ज्यादा अंक हासिल करती हैं और यूनाइटेड नेशंस रेगुलेशंस यूएन13एच, यूएन140 या जीटीआर8 के मापदंडों पर खरी उतरती हैं. इसमें इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स कितना कारगर है, इसकी भी जांच की जाती है. 

पहली बार नहीं मिला महिंद्रा को ये अवॉर्ड 

महिंद्रा की XUV700 पहली कार नहीं है जिसे सेफर चॉइस अवॉर्ड मिला है, इससे पहले 2020 में महिंद्रा एक्सयूवी300 भी ये अवॉर्ड हासिल कर चुकी है. इस मॉडल को वयस्कों की सेफ्टी के लिए 5-स्टार और बच्चों की सेफ्टी के लिए 4-स्टार रेटिंग दी गई थी. XUV700 की बात करें तो इस SUV के साथ महिंद्रा ने तगड़े सेफ्टी फीचर्स दिए हैं जिनमें सबसे आधुनिक एडीएएस यानी एडवांस्ड ड्राइवर्स असिस्टेंट सिस्टम टेक्नोलॉजी है. इस तकनीक की मदद से XUV700 बहुत सेफ कार बनती है. 

End of Article