ऑटो न्यूज़

1 अक्टूबर से महंगी हो जाएंगी Skoda कार, 20 हजार रुपये तक बढ़ जाएंगे दाम

Skoda Cars Price Hike: Skoda Auto India की कारें अगले महीने से मंहगी होने जा रही हैं। कंपनी ने 1 अक्टूबर से कारों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है।

Image

Skoda Car के 1 अक्टूबर से बढ़ने जा रहे हैं दाम

Skoda Cars Price Hike: Skoda Auto India ने अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 से भारत में बिकने वाली Skoda कारों की कीमतों में 1.2 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी। यह बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के आधार पर अलग-अलग होगी। कंपनी ने अधिकतम कीमत बढ़ोतरी 20,000 रुपये तक सीमित रखी है। कंपनी के मुताबिक, इनपुट और ऑपरेशनल लागत में बढ़ोतरी के चलते यह फैसला लिया गया है।

पहले ही कर लें कार की बुकिंग

कंपनी के भारत में मौजूदा पोर्टफोलियो में Kylaq, Kushaq, Slavia जैसे मॉडल शामिल हैं। कीमतों में बदलाव एक्स-शोरूम स्तर पर किया जाएगा। ऐसे में अगर ग्राहक Skoda की नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो 1 अक्टूबर से पहले बुकिंग या खरीद करने पर मौजूदा कीमतों का फायदा मिल सकता है।

बिक्री में लगातार हो रही बढ़ोतरी

Skoda Auto India के लिए 2025 बिक्री के लिहाज से अब तक का सबसे बड़ा साल रहा। कंपनी ने इस दौरान 72,655 कारें बेचीं। वहीं 2026 की पहली छमाही में भी कंपनी ने अपनी अब तक की सबसे ज्यादा H1 बिक्री दर्ज की। अगस्त 2026 तक Skoda ने 50,000 से ज्यादा यूनिट बेच ली हैं, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 8 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि है।

कंपनी ने भारत में अपने ग्रोथ फेज के दौरान 2.5 लाख से ज्यादा लोकली मैन्युफैक्चर्ड कारों की बिक्री की है। इनमें Kylaq, Kushaq और Slavia प्रमुख मॉडल हैं। अकेले Kylaq की 75,000 से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं। कंपनी ने अपने नेटवर्क का भी विस्तार किया है और अब 193 शहरों में 345 से ज्यादा टचपॉइंट मौजूद हैं।

6 अक्टूबर को आएगी नई Slavia Facelift

इस बीच, Skoda Slavia Facelift को लेकर भी ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। इसका अपडेटेड मॉडल 6 अक्टूबर 2026 को लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने इसकी बुकिंग पहले ही शुरू कर दी है और ग्राहक 15,000 रुपये में इसे बुक कर सकते हैं। नई Slavia के एक्सटीरियर में अपडेटेड हेडलैंप और टेललैंप, नए डिजाइन के बंपर और 16-इंच के नए अलॉय व्हील मिलेंगे। इसमें Arctic Silver और Cappuccino Beige जैसे नए कलर विकल्प भी जोड़े जाएंगे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article