Royal Enfield Bullet 350 vs Honda CB350: जब भी 350cc सेगमेंट की बाइक की बात आती है तो ग्राहकों के आगे Royal Enfield Bullet 350 और Honda CB350 जैसे दो पॉपुलर ऑप्शन होते हैं। दोनों बाइक में रेट्रो डिजाइन, सिंगल-सिलेंडर इंजन और क्लासिक रोडस्टर अपील देखने को मिलती है। लेकिन कीमत, इंजन परफॉर्मेंस, वजन और फीचर्स के मामले में दोनों में अंतर देखने को मिलता है। दोनों बाइक एक-दूसरे से कितनी अलग आइए जानते हैं-
कीमत
Royal Enfield Bullet 350 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 1.66 लाख रुपये पड़ती है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 2.09 लाख रुपये तक जाती है। इस बाइको को 5 कलर ऑप्शन में खरीद सकते हैं। वहीं Honda CB350 की कीमत 1.97 लाख रुपये से शुरू होकर 2 लाख रुपये तक जाती है। यानी शुरुआती कीमत के हिसाब से Bullet 350 ज्यादा किफायती विकल्प है।
इंजन और परफॉर्मेंस
दोनों बाइक्स में 349cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, लेकिन इनके पावर और टॉर्क आउटपुट में थोड़ा अंतर है। Bullet 350 का इंजन 6,100rpm पर 20.2bhp की पावर और 4,000rpm पर 27Nm का टॉर्क देता है। इसमें एयर-ऑयल कूलिंग सिस्टम मिलता है।
दूसरी तरफ Honda CB350 का इंजन 5,500rpm पर 20.7bhp की पावर और सिर्फ 3,000rpm पर 29.4Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसका टॉर्क कम RPM पर मिलने की वजह से शहर में कम स्पीड पर बाइक थोड़ी ज्यादा दमदार महसूस हो सकती है।
वजन और ब्रेकिंग
Bullet 350 में ट्विन डाउनट्यूब क्रैडल फ्रेम दिया गया है और इसका कर्ब वजन 195kg है। Honda CB350 में हाफ-डुप्लेक्स क्रैडल फ्रेम मिलता है और इसका वजन 187kg है। यानी Honda की बाइक करीब 8kg हल्की है, जिससे पार्किंग और कम स्पीड पर इसे संभालना थोड़ा आसान हो सकता है।
दोनों बाइक में डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड मिलता है। Bullet 350 में 300mm फ्रंट और 270mm रियर डिस्क है, जबकि CB350 में 310mm फ्रंट डिस्क मिलता है।
माइलेज और फीचर्स
Royal Enfield Bullet 350 की दावा की गई माइलेज 36.2kmpl है, जबकि Honda CB350 की ARAI माइलेज 35kmpl है। हालांकि, CB350 में 15-लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक है, जबकि Bullet में 13-लीटर टैंक दिया गया है।
फीचर्स की बात करें तो Honda CB350 में ट्रैक्शन कंट्रोल, Honda RoadSync स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और असिस्ट-स्लिपर क्लच जैसे फीचर्स मिलते हैं। Bullet 350 में डिजी-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और USB चार्जिंग पोर्ट जैसे जरूरी फीचर्स दिए गए हैं।
